देश की ऐसी अनोखी अदालत, जहां भगवान के खिलाफ ही चलता है केस, जानवरों की गवाही पर मिलती है सजा
हमारे देश में अलग अलग जगहों पर कई तरह की परंपराएं और रीति रिवाज निभाए जाते हैं। कई परंपराएं तो इतनी विचित्र और अनोखी होती हैं कि इनके बारे में जानकर लोग हैरान रह जाते हैं। आज हम आपको एक ऐसी ही विचित्र परंपरा के बारे में बताने जा रहे हैं। इस परंपरा के बारे में जानकर आपको अक्षय कुमार की फिल्म ‘ओ माय गॉड’ याद आ जाएगी। आपने अदालत में केस चलते हुए देखा होगा। लोग एक दूसरे पर मुकदमें कर देते हैं और कोर्ट में उस केस का फैसला होता है। लेकिन क्या आप ऐसी अदालत के बारे में जानते हैं, जहां भगवान और देवताओं पर ही केस चलता है। जानते हैं कि इस अनोखी अदालत के बारे में।
बस्तर में लगती है अनोखी अदालत:
यह अनोखी अदालत छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में लगती है। इस अदालत में देवताओं पर ही केस चलता है। इतना ही नहीं दोषी पाए जाने पर उन्हें सजा तक सुना दी जाती है। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में कंगारू कोर्ट के बारे में आपने कई बार सुना होगा। इस अदालत में सारे माओवादी इक्ट्ठा होते हैं। मगर बस्तर जिले में ही एक और अदालत लगती है। साल में एक बार लगने वाली इस अदालत में भगवान के खिलाफ मुकदमा चलता है।
भंगाराम मंदिर में लगती है जन अदालत:
बस्तर में आदिवासी आबादी 70 प्रतिशत है। यहां गोंड, मारिया, भतरा, हल्बा और धुरवा जैसी जनजातियां रहती हैं। बस्तर में भंगाराम देवी का मंदिर है। यहां हर साल मानसून के दौरान भंगाराम मंदिर में भादो जात्रा उत्सव मनाया जाता है। इसी महोत्सव के दौरान जन अदालत लगाई जाती है।
मुर्गियां देती हैं गवाही:
भंगाराम देवी मंदिर में तीन दिवसीय भादो जात्रा उत्सव मनाया जाता है। इस दौरान भंगाराम देवी सभी मुकदमों की अध्यक्षता करती हैं। महोत्सव के दौरान लोग भगवान पर आरोप लगाते हैं। खास बात यह है कि इन मुकदमों में गवाही मुर्गियां और अन्य पशु-पक्षी देते हैं। फसल खराब होने से लेकर बीमारी तक इस अदालत में भगवान के खिलाफ सभी तरह के मुकदमे दर्ज होते हैं।
दोषी पाए जाने पर भगवान को मिलती है ये सजा:
सुनवाई के दौरान अगर भगवान दोषी पाए जाते हैं तो उन्हें सजा भी मिलती है। सजा के तौर पर भगवान की मूर्तियों को एक निश्चित समय के लिए मंदिर के पीछे रख दिया जाता है। कई बार यह सजा आजीवन कारावास की भी होती है। हालांकि ज्यादातर मामलों में जब तक भगवान अपनी गलती सुधार नहीं लेते, तब तक उन्हें मंदिर के पीछे रखा जाता है। वहीं शिकायतकर्ता की समस्या का समाधान होने के बाद भगवान को फिर से मंदिर में स्थापित कर दिया जाता है। इस महोत्सव में 240 गांवों के लोग हिस्सा लेते हैं। मुकदमे के बाद सभी के लिए महाभोज का भी आयोजन किया जाता है।