☰
×

72 साल के बुजुर्ग को थी महीनों से खांसी, डॉक्टर समझे फेफड़े का ट्यूमर…सच्चाई जान उड़ गए होश!
 

 

कई बार शरीर में होने वाली छोटी-सी परेशानी के पीछे ऐसी वजह छिपी होती है, जिसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल होता है। जर्मनी में 72 वर्षीय एक बुजुर्ग के साथ ऐसा ही हुआ। वह कई महीनों से लगातार खांसी और सीने में संक्रमण से परेशान थे। बार-बार इलाज कराने के बावजूद उन्हें राहत नहीं मिल रही थी। जब जांच की गई तो फेफड़े की एक नली में संदिग्ध गांठ दिखाई दी। डॉक्टरों को आशंका हुई कि यह कैंसर का ट्यूमर हो सकता है, लेकिन आगे की जांच में जो सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया। बुजुर्ग के फेफड़े की सांस वाली नली में एक इंसानी दांत फंसा हुआ था।

इस असामान्य मामले की जानकारी 31 अक्टूबर 2026 को 'द इजिप्शियन जर्नल ऑफ ब्रोंकोलॉजी' में प्रकाशित हुई शोध रिपोर्ट में दी गई। मरीज को कई महीनों से बलगम वाली खांसी और बार-बार सांस से जुड़ा संक्रमण हो रहा था। उन्हें कई बार एंटीबायोटिक दवाएं दी गईं, लेकिन समस्या पूरी तरह ठीक नहीं हुई।

जांच में दिखाई दी ट्यूमर जैसी गांठ

डॉक्टरों ने जब मरीज का सीटी स्कैन कराया तो दाहिने फेफड़े के निचले हिस्से की एक छोटी सांस नली में रुकावट दिखाई दी। इसके आगे सूजन भी थी। शुरुआत में इस रुकावट को संभावित ट्यूमर माना गया। इसके बाद डॉक्टरों ने ब्रोंकोस्कोपी करने का फैसला किया। इस प्रक्रिया में एक पतली नली और कैमरे की मदद से फेफड़ों की सांस वाली नलियों के अंदर देखा जाता है।

जांच के दौरान डॉक्टरों को नली में लाल रंग की गांठ जैसी संरचना दिखाई दी। इसमें खून की नसें भी मौजूद थीं। इसका स्वरूप कार्सिनॉइड ट्यूमर जैसा लग रहा था। डॉक्टरों ने इसे हटाने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन गांठ के अंदर से एक कठोर और सफेद वस्तु दिखाई देने लगी।

तीन साल पहले बेहोशी के दौरान गायब हुआ था दांत

डॉक्टरों ने कई प्रयासों के बाद उस वस्तु को बाहर निकाला। जब उसे देखा गया तो पता चला कि वह किसी ट्यूमर का हिस्सा नहीं, बल्कि इंसान का दांत था। इसके बाद डॉक्टरों ने मरीज से उनके पुराने दांतों और स्वास्थ्य संबंधी घटनाओं के बारे में दोबारा जानकारी ली।

तब बुजुर्ग को याद आया कि करीब तीन साल पहले वह बेहोश होकर गिर गए थे और उसी दौरान उनका एक दांत टूटकर या निकलकर गायब हो गया था। उन्हें कभी अंदाजा नहीं हुआ कि वह दांत सांस की नली में चला गया होगा। डॉक्टरों का मानना है कि उसी घटना के दौरान दांत सांस के रास्ते फेफड़े की नली में पहुंच गया था और लंबे समय तक वहीं फंसा रहा।

दांत निकलते ही मिलने लगी राहत

दांत के आसपास लंबे समय तक सूजन और संक्रमण के कारण मांस जैसी गांठ बन गई थी। इसी वजह से वह देखने में ट्यूमर जैसी लग रही थी। जांच में निकाले गए ऊतक में सूजन तो मिली, लेकिन कैंसर के कोई प्रमाण नहीं मिले। दांत निकालने के बाद बुजुर्ग की खांसी में सुधार हुआ और बंद सांस नली फिर से खुल गई।

डॉक्टरों ने इस मामले के जरिए बताया कि बुजुर्गों में लंबे समय तक रहने वाली खांसी और बार-बार होने वाले फेफड़ों के संक्रमण को हल्के में नहीं लेना चाहिए। कभी-कभी सांस के रास्ते गलती से पहुंची कोई बाहरी वस्तु भी गंभीर बीमारी जैसी दिखाई दे सकती है। खासकर यदि किसी व्यक्ति को बेहोशी, गिरने या दांत टूटने की घटना हुई हो, तो ऐसी जानकारी डॉक्टरों को जरूर देनी चाहिए।