☰
×

गंदे मोजों में छिपाकर ले जा रहे थे 3000 मकड़ियां! सूटकेस खोलते ही पुलिसवालों के उड़े होश
 

 

सफर के दौरान लोग अपने सूटकेस में कपड़े, जूते और जरूरत का सामान रखते हैं, लेकिन पेरू के एक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तीन यात्रियों के सामान से ऐसी चीज बरामद हुई, जिसे देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। तीनों यात्री अपने सूटकेस में 3 हजार से ज्यादा जिंदा टैरेंटुला मकड़ियां छिपाकर ले जा रहे थे। हैरानी की बात यह थी कि इन मकड़ियों को गंदे मोजों के अंदर रखा गया था। अधिकारियों ने समय रहते तस्करी की इस कोशिश को नाकाम कर दिया।

यह मामला पेरू की राजधानी लीमा स्थित जॉर्ज शावेज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 3 नवंबर को सीमा शुल्क अधिकारियों ने नियमित जांच के दौरान यात्रियों के सामान में कुछ असामान्य हलचल देखी। जब संदेह होने पर तीन सूटकेस की तलाशी ली गई तो उनके अंदर रखे मोजों से हजारों मकड़ियां बरामद हुईं।

15 से 22 मोजों में छिपाई गई थीं मकड़ियां

पेरू की राष्ट्रीय वन एवं वन्यजीव सेवा (एसईआरएफओआर) के अनुसार, तीनों सूटकेस में करीब 15 से 22 मोजे रखे हुए थे। इन मोजों के भीतर अलग-अलग प्रजातियों की टैरेंटुला मकड़ियां छिपाई गई थीं। इनमें अंडे, नवजात मकड़ियां और पूरी तरह विकसित वयस्क मकड़ियां भी शामिल थीं।

वन्यजीव नियंत्रण अधिकारी कोरा सुआरेज ने बताया कि जांच के दौरान अधिकारियों को सामान के अंदर कुछ हलचल दिखाई दी। ध्यान से देखने पर पता चला कि मोजों में छोटी और बड़ी दोनों तरह की मकड़ियां मौजूद थीं। अधिकारियों के मुताबिक, इन मकड़ियों को पेरू के अलग-अलग इलाकों से इकट्ठा किया गया था। इनमें कुछ ऐसी प्रजातियां भी शामिल हैं, जिनकी वैज्ञानिक पहचान अभी पूरी तरह नहीं हुई है।

जर्मनी ले जाने की थी तैयारी

जांच में सामने आया कि इन मकड़ियों को जर्मनी ले जाने की तैयारी थी। सूटकेस लेकर यात्रा कर रहे तीन विदेशी नागरिकों में दो जर्मनी और एक पोलैंड का नागरिक बताया गया है। तीनों को पेरू की पर्यावरण अपराध पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उनके खिलाफ वन्यजीवों की अवैध तस्करी के मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एक मकड़ी की कीमत करीब 500 यूरो

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात इन मकड़ियों की कीमत है। अधिकारियों के मुताबिक, यूरोप में एक टैरेंटुला मकड़ी की कीमत करीब 500 यूरो तक हो सकती है। इस हिसाब से 3 हजार से ज्यादा मकड़ियों की संभावित कीमत लगभग 15 लाख यूरो यानी करीब 15 लाख यूरो के बराबर बताई गई है। भारतीय मुद्रा में यह रकम लगभग 15 करोड़ रुपये से भी अधिक बैठती है, हालांकि वास्तविक कीमत प्रजातियों और बाजार के अनुसार अलग-अलग हो सकती है।

टैरेंटुला मकड़ियां अपने बड़े आकार और आकर्षक रंगों के कारण विदेशी जीवों का संग्रह करने वाले लोगों के बीच लोकप्रिय हैं। इसी मांग के चलते इनकी अवैध खरीद-बिक्री का कारोबार भी फल-फूल रहा है।

फिलहाल बरामद मकड़ियों को सुरक्षित रखने की प्रक्रिया की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद इन्हें एक अधिकृत प्रजनन केंद्र में भेजा जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर वन्यजीवों की तस्करी के अंतरराष्ट्रीय कारोबार और दुर्लभ जीवों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।