×

20 साल पुराने लकी नंबरों ने बदली किस्मत, जीते 150 करोड़ रुपये लेकिन कूड़ेदान में फेंक दिया गया विजेता टिकट

 

ब्रिटेन की एक महिला की जिंदगी उस समय बदल गई, जब उसके 20 साल पुराने लकी नंबरों ने उसे करोड़ों रुपये का मालिक बना दिया। लेकिन किस्मत के इस बड़े तोहफे के साथ एक ऐसी गलती भी हुई, जिसने उसकी खुशी को चिंता में बदल दिया। महिला ने करीब 150 करोड़ रुपये की लॉटरी जीती, लेकिन गलतफहमी के चलते उसका विजेता टिकट दुकानदार ने कूड़ेदान में फेंक दिया।

मामला ब्रिटेन की कैथ मेन नाम की महिला से जुड़ा है। कैथ पिछले करीब दो दशक से कुछ खास नंबरों को अपनी लॉटरी टिकट में इस्तेमाल करती आ रही थीं। ये नंबर उनके लिए बेहद खास थे और उन्होंने लंबे समय तक इन्हीं नंबरों पर भरोसा बनाए रखा। आखिरकार एक दिन यही नंबर उनकी किस्मत बदलने वाले साबित हुए।

कैथ को पता चला कि उनके टिकट ने बड़ी लॉटरी राशि जीत ली है। अनुमान के मुताबिक, यह रकम करीब 150 करोड़ रुपये के आसपास है। लेकिन जब वह जीत की खुशी मनाने की तैयारी कर रही थीं, तभी उन्हें पता चला कि उनका असली टिकट गायब हो चुका है।

बताया जा रहा है कि टिकट की जांच के दौरान दुकानदार से बड़ी गलती हो गई। गलतफहमी के कारण उसने विजेता टिकट को बेकार समझ लिया और उसे कूड़ेदान में फेंक दिया। जब कैथ को इस बात का पता चला तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

अब इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। कैथ अपने दावे को साबित करने के लिए डिजिटल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज का सहारा ले रही हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि टिकट वास्तव में उन्हीं का था या नहीं और पूरी घटना किस तरह हुई।

कैथ का कहना है कि उन्होंने वर्षों तक इन्हीं नंबरों का इस्तेमाल किया है और उन्हें पूरा भरोसा है कि यह जीत उनकी ही है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि जांच के बाद उन्हें उनका हक जरूर मिलेगा।

लॉटरी अधिकारियों के लिए भी यह मामला चुनौती बन गया है, क्योंकि आमतौर पर बड़ी रकम के भुगतान के लिए विजेता टिकट का होना बेहद जरूरी माना जाता है। हालांकि, ऐसे मामलों में डिजिटल रिकॉर्ड, खरीदारी की जानकारी और सीसीटीवी फुटेज जैसे सबूतों को भी ध्यान में रखा जाता है।

कैथ का मामला अब ब्रिटेन में चर्चा का विषय बन गया है। लोग भी हैरान हैं कि जिस टिकट ने किसी की जिंदगी बदल सकती थी, वही टिकट एक छोटी सी गलती के कारण कूड़ेदान तक पहुंच गया। फिलहाल कैथ अपनी करोड़ों की जीत वापस पाने के लिए जांच के नतीजों का इंतजार कर रही हैं।