☰
×

₹155 में 2 BHK! नोएडा में तो एक प्लेट मोमो भी नहीं आता, चीन में आदमी घर ले गया
 

 

भारत के बड़े शहरों में अपना घर खरीदना आज भी लाखों लोगों का सपना है। नोएडा, दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों में दो कमरों का फ्लैट खरीदने के लिए लोगों को लाखों रुपये खर्च करने पड़ते हैं। कई लोग तो जिंदगीभर की कमाई और बैंक से कर्ज लेने के बाद भी अपना घर नहीं खरीद पाते। लेकिन चीन में एक शख्स ने महज 155 रुपये में पूरी तरह सजा हुआ दो बेडरूम वाला फ्लैट अपने नाम कर लिया। यह खबर सुनकर लोग हैरान हैं और सोशल मीडिया पर इस अनोखी खरीदारी की खूब चर्चा हो रही है।यह मामला चीन के वार्षिक ऑनलाइन खरीदारी उत्सव 'डबल 11' का है। इस दौरान अलीबाबा ऑक्शन मंच पर एक फ्लैट की विशेष नीलामी आयोजित की गई थी। नीलामी में 1,677 लोगों ने हिस्सा लिया, लेकिन बाजी एक ऐसे व्यक्ति ने मार ली, जिसने सबसे पहले अधिकतम बोली लगाकर फ्लैट अपने नाम कर लिया।

सिर्फ 11 युआन में लग गई फ्लैट की बोली

इस नीलामी की सबसे दिलचस्प बात इसकी शर्तें थीं। फ्लैट की शुरुआती बोली सिर्फ एक युआन रखी गई थी। इसके बाद हर बार बोली में 0.01 युआन की बढ़ोतरी की जा सकती थी। हालांकि, अधिकतम बोली की सीमा 11 युआन यानी भारतीय मुद्रा में करीब 155 रुपये तय की गई थी।नियम के मुताबिक, जो व्यक्ति सबसे पहले 11 युआन की अधिकतम बोली लगाएगा, फ्लैट उसी को मिलेगा। इस नीलामी में कुल 1,001 बोलियां लगीं और आखिरकार पूर्वी चीन के जियांगसू-झेजियांग क्षेत्र के एक व्यक्ति ने सबसे पहले अधिकतम बोली लगाकर जीत हासिल कर ली। पांच नवंबर को नीलामी समाप्त हुई थी।

कितना बड़ा है यह फ्लैट?

जिस फ्लैट को शख्स ने 155 रुपये में हासिल किया है, वह चीन के हेइलोंगजियांग प्रांत के हेगांग शहर में स्थित है। यह इमारत की सातवीं मंजिल पर बना हुआ है। इसका क्षेत्रफल करीब 735 वर्ग फुट है और इसमें दो बेडरूम हैं।खास बात यह है कि फ्लैट पूरी तरह सजा हुआ है। इसमें घरेलू उपकरण और जरूरी सामान भी मौजूद हैं। स्थानीय संपत्ति मंचों के मुताबिक, इस फ्लैट की अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 हजार युआन यानी लगभग 5.6 लाख रुपये है। ऐसे में 155 रुपये की बोली में इसे हासिल करना किसी को भी हैरान कर सकता है।

लेकिन 155 रुपये में पूरा घर नहीं मिला!

अब आप सोच रहे होंगे कि आखिर इतनी कम कीमत में घर कैसे मिल सकता है? दरअसल, इस कहानी में एक बड़ा पेंच भी है। 155 रुपये सिर्फ नीलामी में लगाई गई बोली की रकम है। फ्लैट का मालिकाना हक अपने नाम कराने के लिए खरीदार को करीब 2,000 युआन यानी लगभग 28 हजार रुपये का कर अलग से चुकाना होगा।यह कोई सामान्य संपत्ति बिक्री नहीं थी, बल्कि डबल 11 उत्सव के दौरान आयोजित प्रचार अभियान का हिस्सा थी। संपत्ति की वास्तविक कीमत और प्रचार के तहत तय की गई रकम के बीच का अंतर मंच की ओर से सब्सिडी के रूप में पूरा किया गया।

अब रहने नहीं, छुट्टियां बिताने जाएगा खरीदार

नीलामी जीतने वाले व्यक्ति ने बताया कि उसे खुद उम्मीद नहीं थी कि वह फ्लैट जीत जाएगा। उसका हेगांग शहर में स्थायी रूप से रहने का कोई इरादा नहीं है। वह इस फ्लैट का इस्तेमाल सर्दियों में छुट्टियां बिताने के लिए करना चाहता है। खासतौर पर बर्फबारी देखने के दौरान यह उसका ठहरने का ठिकाना होगा।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी अनोखी नीलामियां

चीन में इस तरह की सस्ती संपत्ति नीलामी का यह पहला मामला नहीं है। नवंबर 2024 में भी शानदोंग प्रांत के वेईहाई शहर में एक महिला ने समुद्र किनारे बना फ्लैट 11 युआन में खरीदा था।हालांकि, विशेषज्ञ ऐसी बेहद सस्ती संपत्तियों को खरीदने से पहले मालिकाना हक, बकाया कर, रखरखाव शुल्क और कानूनी दस्तावेजों की जांच करने की सलाह देते हैं।

फिलहाल चीन की इस अनोखी नीलामी ने दुनियाभर के लोगों का ध्यान खींचा है। सोशल मीडिया पर लोग मजाक में कह रहे हैं कि भारत में 155 रुपये में मोमो की प्लेट खरीदना मुश्किल है, जबकि चीन में इतने पैसों में किसी को दो बेडरूम वाला फ्लैट मिल गया। हालांकि, असली खर्च 155 रुपये से कहीं ज्यादा है।