×

मिस्र के रेगिस्तान में मिला 1600 साल पुराना शहर, चर्च, सोने के सिक्के और रहस्यमयी मकबरों ने बढ़ाई वैज्ञानिकों की उत्सुकता

 

मिस्र के पश्चिमी रेगिस्तान में पुरातत्वविदों ने एक ऐसी खोज की है, जिसने इतिहासकारों और शोधकर्ताओं को उत्साहित कर दिया है। खुदाई के दौरान वैज्ञानिकों को करीब 1,600 साल पुराना एक संपूर्ण बीजान्टिन (Byzantine) शहर मिला है। इस प्राचीन शहर में विशाल चर्च, आवासीय इमारतें और रोमन काल के सोने के सिक्के जैसी कई महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहरें मिली हैं।यह खोज मिस्र के Dakhla Oasis में की गई है। पुरातत्वविदों के अनुसार, यह शहर चौथी शताब्दी ईस्वी का है और उस समय के धार्मिक, सामाजिक और आर्थिक जीवन की अहम जानकारी दे सकता है।

खुदाई के दौरान एक बड़ा चर्च, कई मकान और दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली वस्तुएं भी मिली हैं। इसके साथ ही रोमन सम्राट के शासनकाल के सोने के सिक्के भी बरामद हुए हैं, जिन्हें उस दौर की आर्थिक व्यवस्था और व्यापार का महत्वपूर्ण प्रमाण माना जा रहा है।इसी अभियान के दौरान Alexandria के पास भी पुरातत्वविदों को 18 प्राचीन मकबरे मिले हैं। इन मकबरों में कई ऐसी चीजें मिली हैं, जिन्होंने विशेषज्ञों का ध्यान अपनी ओर खींचा है।

सबसे चौंकाने वाली खोजों में कुछ कंकाल ऐसे मिले हैं, जिनके मुंह में सोने की जीभ रखी गई थी। इतिहासकारों का मानना है कि प्राचीन मिस्री मान्यताओं के अनुसार, यह मृत आत्मा को परलोक में देवताओं से संवाद करने में सक्षम बनाने की धार्मिक परंपरा का हिस्सा हो सकता है।इसके अलावा खुदाई में स्फिंक्स की एक प्राचीन मूर्ति भी मिली है, जो उस समय की कला, संस्कृति और धार्मिक मान्यताओं पर नई रोशनी डाल सकती है।

विशेषज्ञों का कहना है कि ये खोजें मिस्र के प्राचीन इतिहास को समझने में बेहद अहम साबित होंगी। इनसे न केवल बीजान्टिन और रोमन काल की सभ्यता के बारे में नई जानकारियां मिलेंगी, बल्कि उस दौर के धार्मिक विश्वास, स्थापत्य कला और सामाजिक जीवन के कई अनसुलझे रहस्यों से भी पर्दा उठ सकता है। फिलहाल पुरातत्वविद इन स्थलों पर विस्तृत अध्ययन और संरक्षण का कार्य कर रहे हैं। उम्मीद है कि आने वाले समय में इन खोजों से प्रान मिस्र के इतिहास से जुड़े कई और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आएंगे।