×

गोवा में यहां मौजूद है पांडवों की गुफा, जानें इससे जुडी बातें, ऐसे करें ट्रिप प्लान

 

गोवा अपने प्राकृतिक खूबसूरत बीच और रेत के लिए काफी मशहूर है। यहां कई ऐसे बीच हैं, जहां लोग घूमना पसंद करते हैं। इसके साथ ही अगर इसके इतिहास की बात करें तो गोवा का इतिहास पुर्तगाली उपनिवेश के तौर पर देखा जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि गोवा का इतिहास महाभारत काल से जुड़ा हुआ है।

उत्तरी गोवा में अरवलम गुफाओं को स्थानीय लोग पांडव गुफाएँ भी कहते हैं। ये गुफाएँ उत्तरी गोवा के संक्लिम गाँव में हैं। कहा जाता है कि पांडव और द्रौपदी अपने वनवास के दौरान इन गुफाओं में रहा करते थे। हालाँकि, इसे साबित करने के लिए कोई ठोस सबूत नहीं है।

स्थानीय मान्यता है कि इन गुफाओं का निर्माण 6वीं या 7वीं शताब्दी के दौरान पहाड़ की चट्टानों को काटकर किया गया था। हालाँकि, इन गुफाओं की वास्तुकला के आधार पर, इन गुफाओं की एलोरा और अजंता की गुफाओं से समानता के कारण, यह भी माना जाता है कि इनका निर्माण बौद्ध धर्म के अनुयायियों द्वारा किया गया था।

ये गुफाएँ लैटेराइट चट्टान से बनी हैं। इसे 5 अलग-अलग गुफाओं में तोड़ा गया था। इनमें बीच वाली गुफा का आकार सबसे बड़ा है। इस गुफा में शिवलिंग स्थापित है। इसे देखते हुए, यह माना जाता है कि इन गुफाओं का निर्माण करने वाला व्यक्ति भगवान शिव का उपासक था। इस कारण से, इन गुफाओं का बहुत अधिक धार्मिक महत्व है। स्थानीय लोग यहाँ शिवलिंग के दर्शन करने भी आते हैं।

अरवलम गुफाओं में रुद्रेश्वर मंदिर और प्रसिद्ध अरवलम झरना भी है। जो बेहद खूबसूरत भी है। जून से सितंबर के महीने के बीच यहां पर्यटक पहुंचते हैं। क्योंकि इस समय झरना बेहद आकर्षक लगता है। ट्रैकिंग पसंद करने वाले लोग झरने के पास स्थित रुद्रेश्वर मंदिर भी जा सकते हैं।

अगर आप गोवा घूमने का प्लान बना रहे हैं तो इन अरवलम गुफाओं को जरूर एक्सप्लोर करें। यह सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक पर्यटकों के लिए खुली रहती है। गुफाएं और आसपास का नजारा बेहद मनमोहक है। यहां से बसें पास के शहर सेंक्वेलिम तक जाती हैं। वहां से आप बाइक या टैक्सी से गुफाओं तक जा सकते हैं।