Monsoon Travel: दिल्ली से 100 किलोमीटर के दायरे में मौजूद ये झीलें मानसून में लगती हैं स्वर्ग, ऐसे पहुंचें
दिलवालों की दिल्ली में बहुत से लोग काम की तलाश में आते हैं। इसके अलावा लाल किला से लेकर कुतुब मीनार, इंडिया गेट, लोटस टेंपल जैसी ऐतिहासिक संरचनाओं को देखने के लिए भी बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। ज्यादातर लोगों को लगता है कि यहां घूमने के लिए सिर्फ ऐतिहासिक इमारतें ही हैं, लेकिन दिल्ली बहुत बड़ी है और इसके आसपास काफी हरियाली है। हर रोज काम पर जाने की भागदौड़, सड़क पर भारी ट्रैफिक और चारों तरफ इमारतें देखना काफी बोरिंग हो जाता है। ऐसे में एक बोरिंग हफ्ते के बाद वीकेंड पर किसी हरी-भरी जगह पर कुछ समय बिताने का मन करता है।
इसके लिए आप दिल्ली के 100 किलोमीटर के दायरे में स्थित झीलों को एक्सप्लोर कर सकते हैं जो मानसून में और भी खूबसूरत लगती हैं। अगर आप दिल्ली में रहते हैं और मानसून में घूमने के लिए किसी हरी-भरी प्राकृतिक जगह की तलाश में हैं, लेकिन ज्यादा छुट्टियां नहीं ले पाते हैं, तो ऐसी जगहें आपके लिए परफेक्ट रहेंगी जहां जाने और आने में ज्यादा समय न लगे। तो आइए जानते हैं देश की राजधानी के पास मौजूद खूबसूरत झीलों के बारे में, आप यहां कैसे पहुंच सकते हैं।
वीकेंड पर आप हरियाणा के गुरुग्राम में मौजूद दमदमा झील पर जा सकते हैं। यह झील सोहना के पास अलवर रोड पर पड़ती है। यह प्राकृतिक झील करीब 3000 एकड़ क्षेत्र में फैली हुई है और अरावली पहाड़ियों के बीच एक दर्शनीय स्थल है। यह झील पिकनिक और वाटर स्पोर्ट्स के लिए काफी लोकप्रिय है। यहां पहुंचने के लिए आप निजी टैक्सी से लेकर बस तक से आ सकते हैं या मेट्रो से पहुंचने के बाद यहां से बस या टैक्सी ले सकते हैं।
हरियाणा के गुरुग्राम में ही आप सुल्तानपुर झील घूमने जा सकते हैं। यह जगह प्रकृति प्रेमियों के साथ-साथ पक्षी प्रेमियों के लिए भी बेहतरीन है। दरअसल, सुल्तानपुर झील को सुल्तानपुर नेशनल पार्क के नाम से भी जाना जाता है। यह जगह दिल्ली से करीब 46 किलोमीटर दूर है। झील के पास कई वॉच टावर भी बने हैं, जहां से आप पक्षियों और हरियाली को देखने के साथ-साथ फोटोग्राफी भी कर सकते हैं।
अगर आप दिल्ली में रहते हैं तो ओखला पक्षी अभयारण्य आपके लिए बेहतरीन जगह हो सकती है। यह एक लोकप्रिय जगह है, जहां लोग खास तौर पर अलग-अलग तरह के पक्षियों को देखने आते हैं। यहां आपको 300 से ज्यादा प्रजातियों के पक्षी देखने को मिलेंगे। 1990 में इसे पक्षी अभयारण्य के तौर पर नामित किया गया था। यह जगह यमुना नदी के किनारे है, जहां बांध बनाकर झील बनाई गई है। यहां एक टावर भी बना है, जहां से आप शानदार नजारे देख सकते हैं।
आप दिल्ली के गुरुग्राम में भोंडसी झील या नेचर पार्क जा सकते हैं। यह भी सोहना रोड पर स्थित है, इसलिए आप अपने निजी वाहन, मेट्रो या बस-टैक्सी से आसानी से यहां पहुंच सकते हैं। 12 एकड़ में फैली यह झील प्रकृति प्रेमियों और शांति से अपना समय बिताने के लिए एक अच्छी जगह की तलाश करने वालों के लिए एक बेहतरीन जगह है।
अगर मानसून में हरियाली से भरपूर जगह की बात करें तो संजय झील दिल्ली में ही स्थित है। यह जगह पूर्वी दिल्ली के त्रिलोकपुरी में पड़ती है। हालांकि, यह विकास प्राधिकरण डीडीए द्वारा विकसित एक कृत्रिम झील है। यह झील 170 एकड़ के वन क्षेत्र में लगभग 42 एकड़ में फैली हुई है। चारों ओर हरियाली के बीच आप बेहद शांतिपूर्ण वीकेंड बिता सकते हैं।