₹3.25 लाख महीना खर्च! आयरलैंड में रह रहे भारतीय कपल का वायरल बजट, जानिए कहां उड़ रहे हैं सबसे ज्यादा पैसे
विदेश में पढ़ाई करने और बेहतर भविष्य बनाने का सपना देखने वाले भारतीयों के लिए यूरोप के कई देश आकर्षण का केंद्र हैं। लेकिन विदेश में रहने का असली खर्च कितना होता है, इसका अंदाजा डबलिन में रह रहे एक भारतीय कपल के वायरल वीडियो से लगाया जा सकता है। सायली और वैभव नाम के इस कपल ने अपने हर महीने के खर्च का हिसाब साझा किया है। दोनों के मुताबिक, आयरलैंड की राजधानी डबलिन में उनका मासिक खर्च करीब 3,000 यूरो यानी लगभग 3.25 लाख रुपये है।
किराए में ही खर्च हो रहे डेढ़ लाख रुपये
कपल के बजट में सबसे बड़ा हिस्सा घर के किराए का है। सायली और वैभव दो बेडरूम वाले फ्लैट में रहते हैं, जिसे वे दूसरे लोगों के साथ साझा करते हैं। पूरे फ्लैट का मासिक किराया 2,800 यूरो यानी करीब 3 लाख रुपये है। इसमें से कपल अपने हिस्से के तौर पर 1,400 यूरो यानी लगभग 1.5 लाख रुपये हर महीने देता है।डबलिन में मकान का किराया कितना महंगा हो सकता है, इसका अंदाजा इसी आंकड़े से लगाया जा सकता है। घर साझा करने के बावजूद दोनों को अपने बजट का बड़ा हिस्सा सिर्फ रहने की जगह पर खर्च करना पड़ता है
बिजली, वाई-फाई और ट्रांसपोर्ट का खर्च भी भारी
किराए के अलावा बिजली, वाई-फाई और पानी गर्म करने की व्यवस्था पर कपल करीब 250 यूरो यानी लगभग 27 हजार रुपये हर महीने खर्च करता है। वहीं, आने-जाने के लिए दोनों का मासिक खर्च करीब 100 यूरो यानी 11 हजार रुपये है।हालांकि, दोनों स्टूडेंट लीप कार्ड का इस्तेमाल करते हैं, जिससे सार्वजनिक परिवहन में रियायती किराए का फायदा मिलता है। इसके बावजूद रोजमर्रा की आवाजाही उनके मासिक बजट का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बनी हुई है।
घर पर खाना बनाने के बाद भी 33 हजार का राशन
महंगे रेस्टोरेंट में रोज खाना खाने के बजाय कपल घर पर खाना बनाना पसंद करता है। इसके बावजूद किराना, सब्जियों और घर की जरूरतों के सामान पर करीब 300 यूरो यानी 33 हजार रुपये हर महीने खर्च हो जाते हैं।
भारतीय खाने का स्वाद बनाए रखने के लिए कुछ मसाले और जरूरी सामान उन्हें भारत से भी मिलता है। इससे पता चलता है कि विदेश में रहने के दौरान सिर्फ मकान ही नहीं, बल्कि खाने-पीने और घरेलू जरूरतों पर भी अच्छी-खासी रकम खर्च होती है।
बाहर खाना, शॉपिंग और सब्सक्रिप्शन पर भी बड़ा खर्च
कपल के बजट का एक दिलचस्प पहलू उनका लाइफस्टाइल खर्च है। बाहर खाना खाने, डेट नाइट, दोस्तों से मिलने और ऑनलाइन फूड ऑर्डर करने पर दोनों करीब 400 यूरो यानी 43 हजार रुपये हर महीने खर्च करते हैं।
इसके अलावा नेटफ्लिक्स, अमेजन प्राइम और स्पॉटिफाई जैसी सेवाओं के सब्सक्रिप्शन पर करीब 100 यूरो यानी 11 हजार रुपये खर्च होते हैं। मेकअप, स्किनकेयर और पर्सनल केयर से जुड़े सामान की खरीदारी पर लगभग 500 यूरो यानी 54 हजार रुपये प्रति माह खर्च किए जाते हैं।इस तरह बाहर खाने, सब्सक्रिप्शन और शॉपिंग पर ही करीब 1,000 यूरो यानी लगभग 1.08 लाख रुपये खर्च हो जाते हैं।
माता-पिता से पैसे नहीं लेते, खुद उठाते हैं खर्च
कपल के मुताबिक, वे अपने खर्चों का नियमित हिसाब रखते हैं और आयरलैंड पहुंचने के बाद से हर लेन-देन का रिकॉर्ड बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे अपने माता-पिता से पैसे नहीं लेते, बल्कि पार्ट-टाइम काम करके अपने खर्च पूरे करते हैं और बचत करने की भी कोशिश करते हैं।
दोनों ने यह भी स्पष्ट किया कि उनके बताए गए मासिक बजट में घूमने-फिरने की यात्राओं का खर्च शामिल नहीं है। वे अक्सर ट्रिप पर जाते हैं, लेकिन यात्रा का खर्च अलग-अलग होने के कारण उसे इस हिसाब से बाहर रखा गया है। कुल मिलाकर, यह वायरल बजट बताता है कि विदेश में पढ़ाई के दौरान ट्यूशन फीस के अलावा रहने, खाने, ट्रांसपोर्ट और लाइफस्टाइल पर भी बड़ा खर्च हो सकता है। हालांकि, यह एक कपल का व्यक्तिगत बजट है। हर विद्यार्थी का खर्च उसके आवास, जीवनशैली और शहर के हिसाब से अलग हो सकता है।

