पटना जंक्शन पर वायरल वीडियो ने मचाया हड़कंप, व्लॉगर पर नकली टीटीई बनकर पैसे लेने का आरोप; रेलवे ने शुरू की जांच
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने विवाद खड़ा कर दिया है। इस वीडियो में व्लॉगर शिवम गुप्ता को पटना जंक्शन पर कथित तौर पर नकली टीटीई (टिकट चेकर) बनकर यात्रियों से पैसे लेते हुए देखा जा रहा है।
वीडियो में व्लॉगर यह दावा करते नजर आते हैं कि इस “प्रयोग” के दौरान उन्होंने करीब 1200 रुपये कमा लिए। जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर सामने आया, यह तेजी से वायरल हो गया और लोगों के बीच इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई यूजर्स ने इसे रेलवे सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया है, जबकि कुछ लोगों ने इसे सोशल मीडिया कंटेंट बनाने के लिए की गई गैर-जिम्मेदाराना हरकत करार दिया है।
वहीं, मामला सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन ने भी इसे गंभीरता से लिया है। अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और वीडियो की सत्यता तथा इसमें शामिल गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है। रेलवे की ओर से कहा गया है कि जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इस पर लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

