Viral Video: मां के स्लीवलेस कपड़े पहनने पर 9 साल के बेटे ने जताई नाराजगी, मां के जवाब ने जीता लोगों का दिल
सोशल मीडिया पर मां और बेटे का एक वीडियो चर्चा में है। इस वीडियो में एक मां अपने 9 साल के बेटे को कपड़ों की पसंद और दूसरों की आजादी के बीच का अंतर समझाती नजर आती है। बच्चे की मासूम बात पर मां जिस शांति और प्यार से जवाब देती है, उसे लेकर यह वीडियो बच्चों की परवरिश और लैंगिक समानता पर चर्चा का विषय बन गया है।
बेटे ने मां से कही ये बात
वीडियो में मां और उसका बेटा कार की पिछली सीट पर बैठे दिखाई देते हैं। इसी दौरान बेटा अपनी मां से कहता है कि उसे अच्छा नहीं लगता, जब वह बिना बाजू वाले यानी स्लीवलेस कपड़े पहनती हैं।
बेटे की बात सुनकर मां नाराज नहीं होतीं। वह शांति से उससे पूछती हैं कि आखिर उसे ऐसे कपड़ों से परेशानी क्यों है। हालांकि, बच्चा कोई ठोस वजह नहीं बता पाता और केवल इतना कहता है कि उसे मां का ऐसे कपड़े पहनना पसंद नहीं है।
मां ने प्यार से समझाया पसंद और आजादी का फर्क
एक माँ और बेटे की यह रील समाज में लड़कों की परवरिश और महिलाओं के कपड़ों को लेकर एक गहरी और व्यावहारिक सीख देती है।
— Vishal M. Yadav (@VishalMYadav_) October 13, 2026
मां और उसका 9 साल का बेटा दोनों कार की पिछली सीट पर बैठे हुए हैं,
बच्चा अपनी मां की तरफ देखकर काफी मासूमियत अंदाज़ में कहता है,
• "मम्मा, मुझे अच्छा नहीं लगता जब… pic.twitter.com/WQbbLweZpg
बेटे की बात सुनने के बाद मां उसे समझाती हैं कि किसी चीज को पसंद या नापसंद करना हर व्यक्ति का अपना अधिकार है। लेकिन अपनी पसंद के आधार पर किसी दूसरे व्यक्ति के फैसलों या कपड़ों को नियंत्रित करना सही नहीं है।
मां का यह तरीका दिखाता है कि बच्चों को अपनी बात कहने की आजादी देने के साथ-साथ दूसरों की पसंद और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का सम्मान करना भी सिखाना जरूरी है।
बेटों की परवरिश को लेकर क्यों हो रही चर्चा?
यह वीडियो बच्चों की परवरिश में सम्मान, समानता और व्यक्तिगत आजादी की भूमिका पर ध्यान दिलाता है। बचपन से ही बच्चों को यह समझाना जरूरी है कि किसी के कपड़ों को लेकर अपनी राय रखना अलग बात है, जबकि उस पर अपनी पसंद थोपना अलग।
खासतौर पर लड़कों को यह सिखाना महत्वपूर्ण है कि महिलाओं को अपने कपड़े चुनने और अपनी जिंदगी से जुड़े फैसले लेने का अधिकार है। ऐसी सीख उन्हें दूसरों की सीमाओं का सम्मान करने और समानता पर आधारित सोच विकसित करने में मदद कर सकती है।
सोशल मीडिया पर साझा किया गया यह वीडियो एक साधारण बातचीत के जरिए बड़ा संदेश देता है—अपनी पसंद रखना गलत नहीं, लेकिन अपनी पसंद दूसरों पर थोपना सही नहीं है।

