आसमान में ऊंची उड़ान भरने वाले शिकारी पक्षियों में बाज का नाम सबसे पहले आता है। लेकिन अमेरिका में एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां एक मादा बाज जमीन से उड़ने में ही नाकाम हो गई। शुरुआत में लोगों को लगा कि शायद उसे कोई चोट लगी है या फिर वह किसी बीमारी से परेशान है। उसे इलाज के लिए वन्यजीव केंद्र पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच की तो वजह जानकर सभी हैरान रह गए। बाज को कोई चोट या बीमारी नहीं थी, बल्कि वह जरूरत से ज्यादा मोटी हो चुकी थी।
यह अनोखा मामला अमेरिका के वर्जीनिया के रौनोक शहर का है। यहां एक घर के ड्राइववे में मादा रेड-शोल्डर्ड हॉक जमीन पर बैठी मिली। उसे उड़ने में परेशानी हो रही थी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे साउथवेस्ट वर्जीनिया वाइल्डलाइफ सेंटर पहुंचाया।
डॉक्टरों ने की कई तरह की जांच
वन्यजीव केंद्र पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने बाज की पूरी जांच की। उन्हें शुरुआत में आशंका थी कि कहीं उसकी हड्डी तो नहीं टूटी है, आंखों में कोई परेशानी तो नहीं है या फिर सिर पर चोट तो नहीं लगी। इसके अलावा लेड पॉइजनिंग और शरीर पर चोट के निशान होने की भी जांच की गई।
हैरानी की बात यह रही कि सभी जांच सामान्य निकलीं। इसके बाद जब डॉक्टरों ने उसका वजन किया तो असली वजह सामने आई। इस मादा बाज का वजन 910 ग्राम से अधिक था। डॉक्टरों ने मजाकिया अंदाज में बताया कि यह बाज उड़ने के लिए बहुत ज्यादा मोटी हो गई है।
मुर्गियां खाकर बढ़ा लिया था वजन
अब सवाल था कि आखिर एक शिकारी पक्षी इतना मोटा कैसे हो गया? जब वन्यजीव केंद्र के अधिकारियों ने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई तो पता चला कि इलाके में रहने वाले कुछ लोगों की मुर्गियां लगातार गायब हो रही थीं।
जांच में सामने आया कि बाज आसपास खुले में घूमने वाली मुर्गियों को अपना आसान शिकार बना रही थी। वह सुबह मुर्गी का शिकार करती, पेट भरकर खाना खाती और फिर आसपास के पेड़ों पर आराम करने लगती। भूख लगने पर दोबारा मुर्गियों का शिकार करती। कई हफ्तों तक यही सिलसिला चलता रहा। ज्यादा खाने और कम उड़ने-फिरने के कारण उसके शरीर में इतनी चर्बी जमा हो गई कि वह उड़ने में असमर्थ हो गई।
अब डॉक्टरों की निगरानी में चल रही डाइटिंग
वन्यजीव केंद्र ने इस बाज को विशेष डाइट और व्यायाम पर रखा है। उसका वजन कम करने के लिए खाने पर नियंत्रण किया जा रहा है और उसे उड़ने का अभ्यास भी कराया जा रहा है। केंद्र ने लोगों से अपील की है कि वे अपने पालतू पक्षियों और मुर्गियों को खुले में असुरक्षित न छोड़ें। उनके बाड़ों को ऊपर से भी सुरक्षित रखें, ताकि शिकारी पक्षी आसानी से उनका शिकार न कर सकें।
वजन कम होते ही फिर भरने लगी उड़ान
इस बाज की कहानी सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन्यजीव केंद्र ने 8 नवंबर को इसकी सेहत को लेकर अपडेट भी साझा किया। केंद्र के मुताबिक, एक महीने से कुछ अधिक समय में बाज का करीब 130 ग्राम वजन कम हुआ और उसने दोबारा उड़ना शुरू कर दिया। हालांकि, वह अभी पूरी तरह स्वस्थ वजन पर नहीं पहुंची है और उड़ान के दौरान जल्दी थक जाती है। इसलिए उसे फिलहाल निगरानी में रखा गया है।

