नर्मदा की मिट्टी ने उगला 5 लाख साल पुराना रहस्य… मिला धरती के सबसे विशाल हाथी का जबड़ा, वैज्ञानिकों के उड़े होश
मध्य प्रदेश की नर्मदा घाटी एक बार फिर अपने भीतर छिपे प्रागैतिहासिक रहस्यों को लेकर चर्चा में है। यहां नदी के कटाव के कारण जमीन से एक विशालकाय हाथी का जीवाश्म सामने आया है। शुरुआती जांच में इसे करीब 4 से 5 लाख साल पुराना बताया जा रहा है। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह जीवाश्म धरती पर विचरण करने वाले सबसे विशाल हाथियों में शामिल पैलियोलॉक्सोडॉन नामाडिकस प्रजाति का हो सकता है। इस खोज ने वैज्ञानिकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है, क्योंकि यह क्षेत्र लाखों साल पुराने जीवों के अवशेषों का खजाना माना जाता है।
रायसेन के पतई घाट पर मिला जीवाश्म
यह खोज मध्य प्रदेश के रायसेन जिले की देवरी तहसील के पतई गांव के पास नर्मदा नदी के पतई घाट पर हुई है। नदी के पानी और कटाव के कारण मिट्टी की परतें हटने से हाथी के जबड़े का एक बड़ा हिस्सा दिखाई देने लगा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों और वैज्ञानिकों तक पहुंचाई।वैज्ञानिकों की टीम ने मौके पर पहुंचकर जीवाश्म का शुरुआती अध्ययन किया। इसके बाद भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण की चार सदस्यीय टीम ने भी 13 नवंबर को घटनास्थल का निरीक्षण किया। जीवाश्म को नुकसान से बचाने के लिए प्रशासन ने आसपास के इलाके को सुरक्षित कर दिया है।
75 सेंटीमीटर लंबा है जबड़ा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जीवाश्म का जबड़ा करीब 75 सेंटीमीटर लंबा और 25 सेंटीमीटर चौड़ा है। इसमें दाढ़ के दांत भी सुरक्षित दिखाई दे रहे हैं। दांतों में सात से नौ समानांतर धारियां मौजूद हैं। उनकी बनावट और जबड़े की संरचना के आधार पर वैज्ञानिकों को इसके विशालकाय प्रागैतिहासिक हाथी की प्रजाति से जुड़े होने की संभावना लग रही है।शोधकर्ताओं के मुताबिक, पैलियोलॉक्सोडॉन नामाडिकस प्रजाति के हाथी आज के हाथियों की तुलना में कहीं अधिक विशाल होते थे। इनकी ऊंचाई लगभग 4 से 5 मीटर और वजन 18 से 22 टन तक होने का अनुमान लगाया जाता है। हालांकि, पतई घाट पर मिले जबड़े के आधार पर संबंधित जीव का वास्तविक आकार और वजन तय करना अभी संभव नहीं है।
अभी पूरी तरह तय नहीं हुई उम्र और प्रजाति
वैज्ञानिकों ने स्पष्ट किया है कि जीवाश्म की उम्र और प्रजाति को लेकर अभी अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। इसकी पहचान जबड़े की बनावट, दांतों की संरचना और जिस मिट्टी की परत में यह मिला है, उसके आधार पर की जा रही है।कुछ शुरुआती आकलनों में इसे लगभग 4 से 5 लाख साल पुराना माना गया है। वहीं, विस्तृत वैज्ञानिक परीक्षण और जीवाश्म की पूरी संरचना की जांच के बाद ही इसकी वास्तविक उम्र की पुष्टि हो सकेगी।
नर्मदा घाटी में और भी छिपे हो सकते हैं रहस्य
वैज्ञानिकों का मानना है कि पतई घाट के आसपास का क्षेत्र जीवाश्मों की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। यहां पहले भी प्राचीन जीवों के अवशेष मिलने की जानकारी सामने आ चुकी है। आसपास की मिट्टी और चट्टानों की अलग-अलग परतों में दूसरे प्रागैतिहासिक जीवों के अवशेष भी छिपे हो सकते हैं।
शोधकर्ताओं के मुताबिक, व्यवस्थित खुदाई और वैज्ञानिक अध्ययन किया जाए तो यहां से हाथी के शरीर की अन्य हड्डियां या पूरा कंकाल भी मिल सकता है। इसके अलावा घोड़े, गैंडे और दरियाई घोड़े जैसे प्राचीन जीवों के जीवाश्म मिलने की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।फिलहाल इस खोज ने नर्मदा घाटी के ऐतिहासिक और वैज्ञानिक महत्व को एक बार फिर सामने ला दिया है। अब वैज्ञानिकों की नजर इस बात पर है कि मिट्टी के नीचे इस विशालकाय जीव के कितने और अवशेष मौजूद हैं।

