गेम का इंतजार था, लेकिन जिंदगी ने ही छोड़ दिया साथ, GTA 6 फैन Jerry Stephens की दर्दनाक मौत
दुनियाभर के गेम प्रेमी जिस वीडियो गेम 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6' यानी जीटीए 6 का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, उसे खेलने का सपना अमेरिका के एक युवा का अधूरा रह गया। सोशल मीडिया पर 'वॉइड ओनली' के नाम से मशहूर 25 वर्षीय जेरी स्टीफेंस का 29 अक्टूबर को निधन हो गया। वह लंबे समय से फेफड़ों की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनकी आखिरी ख्वाहिश थी कि वह किसी तरह जीटीए 6 की रिलीज तक जीवित रहें और अपना पसंदीदा गेम खेल सकें। लेकिन खेल की रिलीज से कुछ सप्ताह पहले ही जिंदगी ने उनका साथ छोड़ दिया।
जेरी की कहानी ने दुनियाभर के गेम प्रेमियों को भावुक कर दिया था। जब उन्होंने अपनी बीमारी और जीटीए 6 खेलने की इच्छा के बारे में सोशल मीडिया पर बताया, तो हजारों लोग उनकी मदद के लिए आगे आए। उनके इलाज और फेफड़ों के प्रत्यारोपण के लिए लोगों ने करीब 94 लाख रुपये से ज्यादा की आर्थिक सहायता जुटाई थी।
17 साल की उम्र से बीमारी से लड़ रहे थे जेरी
जेरी स्टीफेंस इंटरस्टिशियल लंग डिजीज नाम की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। उन्हें 17 साल की उम्र में इस बीमारी का पता चला था। इस बीमारी में फेफड़ों के ऊतकों में सूजन और निशान पड़ने लगते हैं, जिससे सांस लेने में परेशानी होती है और फेफड़ों की कार्यक्षमता प्रभावित होती है।
समय के साथ उनकी हालत बिगड़ती चली गई। डॉक्टरों ने उनकी जान बचाने के लिए फेफड़ों का प्रत्यारोपण जरूरी बताया था। इसी दौरान अगस्त 2026 में जेरी ने अस्पताल के बिस्तर से एक वीडियो साझा किया। इसमें उन्होंने अपनी बीमारी के बारे में बताया और कहा कि उनकी बस एक इच्छा है कि वह जीटीए 6 खेल सकें।
उनका यह वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया। गेमिंग समुदाय के लोगों ने उनके प्रति समर्थन जताया और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
इलाज के लिए 5 हजार से ज्यादा लोगों ने की मदद
जेरी की मां पेरिस फोर्ट ने उनके इलाज के लिए धन जुटाने का अभियान शुरू किया था। शुरुआत में इसके लिए 15 हजार डॉलर का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन लोगों ने बढ़-चढ़कर आर्थिक मदद की। करीब 5 हजार लोगों ने इस अभियान में योगदान दिया और कुल रकम 96 हजार डॉलर से अधिक पहुंच गई।
सितंबर में जेरी का फेफड़ों का प्रत्यारोपण किया गया। शुरुआत में उनकी हालत में सुधार के संकेत मिले और परिवार को उम्मीद जगी कि वह जल्द स्वस्थ होकर घर लौटेंगे। जेरी ने भी ठीक होने के बाद जीटीए 6 खेलने और अपने साथियों के साथ इसका प्रसारण करने की योजना बनाई थी।
प्रत्यारोपण के बाद बिगड़ती चली गई हालत
हालांकि, ऑपरेशन के कुछ समय बाद उन्हें गंभीर संक्रमण हो गया। संक्रमण के कारण उनके फेफड़ों में खून भरने लगा और उनकी हालत लगातार खराब होती चली गई। डॉक्टरों ने परिवार को उनकी गंभीर स्थिति के बारे में बताया। उन्हें जीवनरक्षक उपकरणों की मदद भी दी गई, लेकिन इलाज के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
जेरी की बहन ने 2 नवंबर को सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर उनके निधन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जेरी ने 29 अक्टूबर को अंतिम सांस ली थी। परिवार के मुताबिक, आखिरी दिनों में जेरी को दुनियाभर के लोगों से मिले प्यार और सहयोग से काफी खुशी मिली थी।
गेमिंग समुदाय दे रहा श्रद्धांजलि
जेरी के निधन की खबर सामने आने के बाद गेमिंग समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई। कई खिलाड़ियों ने कहा कि वे जीटीए 6 खेलना शुरू करेंगे तो अपनी पहली गेमिंग यात्रा जेरी को समर्पित करेंगे। कुछ प्रशंसकों ने खेल में उनके नाम पर श्रद्धांजलि देने की मांग भी की है।
जीटीए 6 की निर्धारित रिलीज तारीख 19 नवंबर 2026 है। जेरी इस दिन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, लेकिन वह अपना सपना पूरा नहीं कर सके। उनके परिवार ने मदद करने वाले सभी लोगों का आभार जताया है और उनकी याद में विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करने की योजना भी बनाई है।

