इन 5 जगहों पर इंसानों की एंट्री मानो मना है! दुनिया की सबसे दुर्गम और खतरनाक लोकेशन्स में एक भारत में भी मौजूद

आज भी दुनिया में कई ऐसी जगहें हैं, जहां इंसानों की पहुंच बिल्कुल नहीं है। यानी इंसान इन जगहों के बारे में जानता तो है, लेकिन इंसान अभी इस स्थिति में नहीं है कि यहां पहुंच सके और रह सके और इन जगहों को जान सके। आज हम आपको ऐसी ही पांच जगहों के बारे में बताएंगे, जहां आधुनिक इंसान यानी आज का इंसान नहीं पहुंच पाया है। इनमें से एक जगह भारत में भी है।
वेल डो जावरी पहले नंबर पर
वेल डो जावरी ब्राजील में अमेजन के जंगल के अंदर करीब 33 हजार वर्ग मील की जगह है। यहां दुनिया की सबसे खतरनाक जनजातियां रहती हैं। गिनती के मुताबिक इस इलाके में करीब 2000 लोग रहते हैं। हालांकि, इन 2 हजार लोगों में से 14 जनजातियां ऐसी हैं, जो आज भी आधुनिक इंसानों से दूर हैं। यानी आज का इंसान अभी तक इनसे मजबूत संबंध नहीं बना पाया है। कहा जाता है कि यहां मौजूद 19 गांवों में रहने वाले लोग जंगल के सहारे अपना जीवन जीते हैं और बाहरी लोगों के लिए बेहद खतरनाक हैं।
डेवन आइलैंड
डेवोन आइलैंड दुनिया की उन चंद जगहों में से एक है जो हमेशा से ही इंसानी नज़रों से छिपी रही है। नुनावुत कनाडा के पास डेवन आइलैंड को एलियंस का घर भी कहा जाता है। दरअसल, इस जगह का तापमान और वातावरण ऐसा है कि यहां जीवन संभव नहीं है। यहां तक कि नासा को भी यहां रिसर्च करने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। यहां हमेशा घना कोहरा छाया रहता है और कई बार यहां का तापमान -58 फारेनहाइट यानी करीब -50 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाता है।
गंगखर पुएनसुम
गंगखर पुएनसुम को दुनिया की सबसे रहस्यमयी जगहों में से एक माना जाता है। उत्तरी भूटान में तिब्बत की सीमा पर स्थित यह पहाड़ी आम लोगों के लिए नहीं है। आम लोग बिना अनुमति के यहां नहीं जा सकते। कहा जाता है कि इस पहाड़ी के आसपास रहने वाले लोग यहां कुछ खास तरह की पूजा करते हैं जो आज भी बाकी दुनिया से छिपी हुई है। समुद्र तल से 24,836 फीट की ऊंचाई पर स्थित इस पहाड़ी की चोटी पर आज तक कुछ ही लोग पहुंच पाए हैं।
स्टार माउंटेन
स्टार माउंटेन दुनिया की सबसे खूबसूरत और खतरनाक जगहों में से एक है। पापुआ न्यू गिनी में स्थित यह पहाड़ किसी दूसरी दुनिया का रास्ता जैसा है। यहां से अगर आप आसमान की तरफ देखेंगे तो आपको बहुत साफ और बड़े-बड़े तारे दिखाई देंगे। इस पहाड़ी की चोटी 15 हजार फीट से भी ज्यादा ऊंची है।
पांचवां और आखिरी स्थान
यह है नॉर्थ सेंटिनल आइलैंड। बंगाल की खाड़ी में स्थित अंडमान द्वीप समूह का यह द्वीप बेहद खूबसूरत है, लेकिन यहां रहने वाले सेंटिनल लोगों की वजह से यह बेहद खतरनाक भी है। यहां किसी को भी जाने की इजाजत नहीं है। सरकार ने इस द्वीप पर जाने पर रोक लगा रखी है। दरअसल, यहां एक जनजाति रहती है, जिसका दुनिया से कोई संपर्क नहीं है। यह 23 वर्ग मील का एक छोटा सा द्वीप है, जिस पर इंसान 60 हजार सालों से रह रहे हैं, लेकिन आज तक उनके खान-पान और रहन-सहन की आदतें दुनिया के लिए रहस्य बनी हुई हैं।