जीजा को नहीं मिली आइसक्रीम तो दुल्हन ने शादी से कर दिया इनकार, नहीं मना पाया दूल्हा
आजकल शादियों में आइसक्रीम बहुत महत्वपूर्ण चीज बन गई है। ऐसा लगता है कि शादी का खाना आइसक्रीम के बिना पूरा नहीं होता। कभी-कभी आइसक्रीम स्टॉलों पर इतनी भीड़ होती है कि लोगों को खाने को नहीं मिल पाता। लेकिन क्या आपने सुना है कि आइसक्रीम न मिलने की वजह से किसी की शादी टूट गई हो?
कुछ महीने पहले उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से भी ऐसी ही एक घटना सामने आई थी। दुल्हन के जीजा को जब आइसक्रीम नहीं मिली तो दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद हंगामा मच गया। हंगामा इतना बढ़ गया कि मामला थाने तक पहुंच गया, इसके बाद भी दुल्हन शादी के लिए राजी नहीं हुई और दूल्हे को अपनी बारात लेकर वापस लौटना पड़ा।
शादी समारोह अलीगढ़ के सासनी गेट स्थित वार्ष्णेय मैरिज हॉल में चल रहा था। इस मैरिज हॉल में दूल्हा-दुल्हन के पक्ष में आइसक्रीम खाने को लेकर झगड़ा शुरू हो गया। जब दुल्हन को पता चला कि उसके जीजा को आइसक्रीम नहीं मिली तो उसने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद सुबह वह सासनी गेट थाने पहुंची।
दूल्हा भी दुल्हन के पीछे-पीछे पुलिस स्टेशन पहुंच गया। दूल्हा लगातार दुल्हन को मनाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वह नहीं मानी। तत्काल ही दोनों पक्षों के लोग थाने पर एकत्र हो गए। काफी देर तक चली बातचीत के बाद दोनों पक्षों में झड़प शुरू हो गई। दुल्हन मैनपुरी जिले के कुरावली थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। जबकि दूल्हा थाना सासनी गेट क्षेत्र के महेंद्र नगर का निवासी है।

