Samachar Nama
×

‘सोलमेट’ को मारकर 3 साल तक फ्रिज में रखी लाश, साथ में 5 पालतू गिनी पिग भी; UK में कोर्ट में खुला खौफनाक राज
 

‘सोलमेट’ को मारकर 3 साल तक फ्रिज में रखी लाश, साथ में 5 पालतू गिनी पिग भी; UK में कोर्ट में खुला खौफनाक राज

ब्रिटेन में हत्या का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और अदालत दोनों को हैरान कर दिया है। यहां 65 वर्षीय व्यक्ति पर अपनी 62 साल की महिला मित्र की हत्या करने और उसके शव को करीब तीन साल तक घर के फ्रीजर में छिपाकर रखने का आरोप है। हैरानी की बात यह है कि महिला के शव के साथ उसके पांच पालतू गिनी पिग भी फ्रीजर में रखे गए थे। आरोपी महिला को अपना करीबी दोस्त और 'सोलमेट' बताता था। अब लिवरपूल की अदालत में इस मामले की सुनवाई के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।

आरोपी की पहचान जॉर्ज गॉर्डन के रूप में हुई है, जबकि मृतका का नाम डेलिया मैकइनर्नी था। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, डेलिया की हत्या अप्रैल 2023 में उस समय की गई, जब वह अपने पांच पालतू गिनी पिग के साथ पुर्तगाल जाकर नई जिंदगी शुरू करने की तैयारी कर रही थीं।

पुर्तगाल जाने से पहले हुई हत्या

अदालत को बताया गया कि डेलिया अक्सर जॉर्ज के मर्सीसाइड के सेंट हेलेंस स्थित फ्लैट में रहती थीं। उनका लिवरपूल के एनफील्ड इलाके में अपना घर भी था। वह विदेश यात्रा करती रहती थीं और पुर्तगाल में भी उनकी संपत्ति थी।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, जॉर्ज को जब पता चला कि डेलिया पुर्तगाल जाने वाली हैं, तो उसने कुछ ऐसे सामान खरीदे जिनका इस्तेमाल बाद में हत्या और शव के टुकड़े करने में किए जाने का आरोप है। इनमें भारी हथौड़ा और हाथ से चलने वाली आरी शामिल थी। उसने कुछ दवाइयों के नुस्खे भी हासिल किए, जिनके बारे में अदालत में बताया गया कि बाद में वे डेलिया के शरीर में मिलीं।

11 अप्रैल 2023 को जॉर्ज ने डेलिया का अपने पालतू गिनी पिग के साथ एक वीडियो बनाया था। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, यह वह आखिरी वीडियो था, जिसमें डेलिया जीवित दिखाई दी थीं। आरोप है कि उसी रात या 12 अप्रैल की शुरुआती घंटों में उनकी हत्या कर दी गई।

पांचों पालतू जानवरों की भी हुई मौत

अदालत में बताया गया कि डेलिया अपने पांचों गिनी पिग से बेहद प्यार करती थीं और उन्हें अपने साथ पुर्तगाल ले जाने वाली थीं। लेकिन अभियोजन पक्ष का आरोप है कि इन पांचों जानवरों को भी डुबोकर मार दिया गया। बाद में उनके अवशेष महिला के शव के साथ फ्रीजर में पाए गए।

पुलिस को 8 जनवरी 2026 को जॉर्ज के फ्लैट में रखे एक बड़े फ्रीजर से डेलिया के शव के टुकड़े मिले। इसके बाद मामले की जांच शुरू हुई और हत्या से जुड़े कई पहलू सामने आए।

मौत के बाद भी महिला बनकर भेजता रहा संदेश

अभियोजन पक्ष का आरोप है कि डेलिया की मौत के बाद जॉर्ज ने उनके दोस्तों और परिचितों को गुमराह करने के लिए उनके नाम से संदेश और ईमेल भेजे। कभी बताया गया कि वह बीमार हैं, तो कभी कहा गया कि वह विदेश चली गई हैं। कुछ लोगों को यह भी बताया गया कि वह किंग चार्ल्स के राज्याभिषेक समारोह में शामिल होने गई थीं।

इतना ही नहीं, अदालत में आरोप लगाया गया कि जॉर्ज ने डेलिया के बैंक खातों से हजारों पाउंड हासिल किए और उनके नाम पर कर्ज तथा क्रेडिट कार्ड भी लिए। दिसंबर 2025 में एक सरकारी विभाग को डेलिया के भत्ते को दूसरे खाते में स्थानांतरित करने का अनुरोध मिलने के बाद संदेह गहराया। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज की।

आरोपी ने हत्या की बात मानी, लेकिन आरोप से इनकार

पुलिस ने 8 जनवरी 2026 को जॉर्ज को गिरफ्तार किया। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, जब पुलिस उसे फ्लैट से बाहर ले जा रही थी तो उसने कहा कि वह फ्रीजर में है। जॉर्ज ने डेलिया की हत्या करने की बात स्वीकार की है, लेकिन हत्या के आरोप और जानवरों को अनावश्यक पीड़ा पहुंचाने के आरोप से इनकार किया है। उसका दावा है कि उसने आत्मरक्षा में ऐसा किया था।

फिलहाल लिवरपूल क्राउन कोर्ट में मामले की सुनवाई जारी है। अदालत में सामने आए सभी आरोप अभियोजन पक्ष के दावे हैं और अंतिम फैसला आना बाकी है

Share this story

Tags