‘सोलमेट’ को मारकर 3 साल तक फ्रिज में रखी लाश, साथ में 5 पालतू गिनी पिग भी; UK में कोर्ट में खुला खौफनाक राज
ब्रिटेन में एक ऐसा हत्याकांड सामने आया है, जिसने जांचकर्ताओं से लेकर अदालत तक सभी को हैरान कर दिया है। एक 65 वर्षीय व्यक्ति पर अपनी करीबी दोस्त की हत्या करने और उसके शव को करीब तीन साल तक अपने फ्लैट के डीप फ्रीजर में छिपाकर रखने का आरोप है। हैरानी की बात यह है कि महिला के शव के साथ उसके पांच पालतू गिनी पिग भी फ्रीजर में मिले। अभियोजन पक्ष का आरोप है कि आरोपी ने महिला की मौत के बाद उसके बैंक खातों से पैसे निकाले, उसके नाम पर लोन लिया और दोस्तों को उसके जिंदा होने का भरोसा दिलाता रहा।
यह मामला ब्रिटेन के मर्सीसाइड इलाके के सेंट हेलेंस का है। आरोपी जॉर्ज गॉर्डन (65) पर कलाकार डेलिया मैकइनर्नी की हत्या का आरोप है। लिवरपूल क्राउन कोर्ट में 4 नवंबर को सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने इस मामले से जुड़े कई चौंकाने वाले खुलासे किए।
पुर्तगाल जाने से ठीक पहले हुई थी महिला की मौत
अदालत को बताया गया कि 62 वर्षीय डेलिया मैकइनर्नी और जॉर्ज गॉर्डन लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों के बीच करीबी दोस्ती थी। डेलिया को गॉर्डन का 'सोलमेट' भी बताया गया। वह अप्रैल 2023 में अपने पांच पालतू गिनी पिग के साथ पुर्तगाल जाकर नई जिंदगी शुरू करने की तैयारी कर रही थीं।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक, 11 अप्रैल 2023 की शाम या 12 अप्रैल की शुरुआती घंटों में उनकी हत्या कर दी गई। यह घटना पुर्तगाल रवाना होने से कुछ दिन पहले हुई थी। अभियोजन पक्ष ने दावा किया कि गॉर्डन ने डेलिया की योजनाओं के बारे में जानने के बाद हथौड़ा और आरी जैसे सामान खरीदे थे।
शव के साथ फ्रीजर में मिले पांच गिनी पिग
अदालत में बताया गया कि डेलिया के शव को टुकड़ों में काटकर एक चेस्ट फ्रीजर में रखा गया था। उनके पांच पालतू गिनी पिग भी उसी फ्रीजर में मिले। अभियोजन पक्ष ने आरोप लगाया कि इन जानवरों को डुबोकर मारा गया था। डेलिया अपने पालतू जानवरों से बेहद लगाव रखती थीं और उन्हें अपने साथ पुर्तगाल ले जाने वाली थीं।
पुलिस को 8 जनवरी 2026 को आरोपी के सेंट हेलेंस स्थित फ्लैट से शव और जानवरों के अवशेष मिले। अभियोजन पक्ष के अनुसार, पुलिस के साथ जाते समय गॉर्डन ने कहा था कि वह फ्रीजर में है।
महिला बनकर दोस्तों को भेजता रहा मैसेज
मामले का एक और चौंकाने वाला पहलू यह है कि डेलिया की मौत के बाद भी आरोपी कथित तौर पर उनके दोस्तों और परिचितों से संपर्क करता रहा। वह खुद को डेलिया बताकर मैसेज और ईमेल भेजता था। कुछ लोगों को उसने बताया कि डेलिया बीमार हैं, जबकि कुछ को कहा कि वह अन्य जगह गई हुई हैं।
अदालत में यह भी बताया गया कि आरोपी ने डेलिया के बैंक खातों से हजारों पाउंड हासिल किए। इसके अलावा उनके नाम पर लोन और क्रेडिट कार्ड भी लिए गए। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, दिसंबर 2025 में महिला की आर्थिक सहायता की रकम दूसरे खाते में भेजने की कोशिश के बाद यह पूरा मामला संदिग्ध हो गया।
आरोपी ने हत्या की बात मानी, लेकिन आत्मरक्षा का दावा
जॉर्ज गॉर्डन ने डेलिया की मौत का कारण बनने की बात स्वीकार की है, लेकिन हत्या के आरोप से इनकार किया है। उसका दावा है कि उसने आत्मरक्षा में ऐसा किया। उसने पहले पुलिस को बताया था कि महिला ने ओवरडोज लिया था और उसने उनकी तकलीफ खत्म करने के लिए हथौड़े से वार किया था। हालांकि, अभियोजन पक्ष ने इस दलील को खारिज करते हुए सुनियोजित हत्या का आरोप लगाया है।
गॉर्डन ने शव छिपाने, धोखाधड़ी और चोरी से जुड़े कुछ अपराध स्वीकार किए हैं, लेकिन हत्या और पांच गिनी पिग को नुकसान पहुंचाने के आरोपों से इनकार किया है। मामले की सुनवाई लिवरपूल क्राउन कोर्ट में जारी है।

