श्रीलंका से वीडियो बनाकर शेनाज ट्रेजरी ने भारत को बताया ‘सबसे गंदा देश’, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
शेनाज ट्रेजरी का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह श्रीलंका के मशहूर एला रेलवे स्टेशन से वीडियो बनाती नजर आ रही हैं।वीडियो के दौरान शेनाज ट्रेजरी ने स्टेशन की साफ-सफाई की तारीफ करते हुए भारत को लेकर विवादित टिप्पणी कर दी। उन्होंने कथित तौर पर भारत को “सबसे गंदा देश” बता दिया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई।
उनके इस बयान पर इंटरनेट यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग शेनाज की बात से सहमत नजर आए और भारत में साफ-सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाने लगे, जबकि कई यूजर्स ने उनके बयान की कड़ी आलोचना की।सोशल मीडिया पर कई लोगों ने कहा कि किसी देश की कमियों की ओर ध्यान दिलाना गलत नहीं है, लेकिन पूरे देश को इस तरह संबोधित करना उचित नहीं माना जा सकता। वहीं कुछ यूजर्स ने भारत के कई साफ-सुथरे शहरों और रेलवे स्टेशनों के उदाहरण भी दिए।
वीडियो वायरल होने के बाद यह मुद्दा इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है। लोग साफ-सफाई, पर्यटन और नागरिक जिम्मेदारी को लेकर अलग-अलग राय रख रहे हैं।गौरतलब है कि शेनाज ट्रेजरी अक्सर अपने ट्रैवल वीडियोज और अनुभव सोशल मीडिया पर शेयर करती रहती हैं। उनके वीडियोज को बड़ी संख्या में लोग देखते हैं, लेकिन इस बार उनका बयान विवाद का कारण बन गया है।

