Samachar Nama
×

नेपाल आपदा में शर्मनाक हरकत! बाढ़ में बहते सिलेंडरों को लूट ले गए लोग, देखें Video 

नेपाल आपदा में शर्मनाक हरकत! बाढ़ में बहते सिलेंडरों को लूट ले गए लोग, देखें Video 

नेपाल में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। बाढ़ और इसके बाद बने हालात में अब तक 157 लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि 700 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। अचानक आई इस आपदा ने लोगों को संभलने तक का मौका नहीं दिया।नेपाल पर्यटन बोर्ड के अनुसार, 384 पर्यटकों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। इनमें करीब 105 भारतीय नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं। कई इलाकों में राहत और बचाव अभियान जारी है और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।


 


बाढ़ के मलबे में सिलिंडर निकालते दिखे लोग

नेपाल की बाढ़ से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बाढ़ के तेज बहाव के साथ घरेलू गैस सिलिंडर, रेगुलेटर और पाइप बहते दिखाई दे रहे हैं।

इसी दौरान कुछ लोग तेज पानी के बीच उतरकर बहकर आ रहे सिलिंडरों को निकालते नजर आते हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ यूजर्स ने इसे आपदा के बीच सामान बचाने की कोशिश बताया, जबकि कुछ लोगों ने इसे आपदा में अवसर तलाशने वाला रवैया बताया।

हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल इन वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

रसुवा से चितवन तक बाढ़ का खतरा

सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे एक अन्य वीडियो में दावा किया गया है कि रसुवा इलाके में आई बाढ़ का पानी चितवन के नारायणघाट तक पहुंच गया है। लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की जा रही है।

एक अन्य वायरल वीडियो में बाढ़ का खौफनाक मंजर दिखाई देता है। इसमें लोग पानी के तेज बहाव से बचने के लिए इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं। वीडियो में कुछ स्कूली बच्चे भी पीठ पर स्कूल बैग लटकाए हुए सुरक्षित जगह की ओर जाते दिखाई देते हैं।

हालांकि, इन सभी वायरल वीडियो की सत्यता और लोकेशन की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

भारत ने नेपाल को मदद का भरोसा दिया

नेपाल में आई इस प्राकृतिक आपदा के बीच भारत ने मदद का भरोसा दिया है। तिब्बत की ओर से आए बाढ़ के पानी और रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी के उफान के कारण हालात बेहद गंभीर बताए जा रहे हैं। बड़ी संख्या में पर्यटकों के लापता होने की जानकारी भी सामने आई है, जिनमें भारतीय और प्रवासी भारतीय शामिल हैं।

हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से बातचीत की और भारत की ओर से हर संभव मानवीय सहायता और राहत सहयोग देने का आश्वासन दिया।

नेपाल में राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है, जबकि बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को सुरक्षित निकालना प्रशासन के लिए सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है।

Share this story

Tags