कागज का रेजर! जापान ने बना दिया ऐसा Razor जो पानी में भी नहीं गलता, वीडियो देख हैरान हुए लोग
जापान की एक कंपनी ने ऐसा अनोखा रेजर तैयार किया है, जिसका हैंडल कागज से बना है। आमतौर पर रेजर प्लास्टिक से बनाए जाते हैं, लेकिन इस नए डिजाइन में प्लास्टिक की जगह खास तरह के वाटर रेसिस्टेंट कागज का इस्तेमाल किया गया है। हैरानी की बात यह है कि कागज से बना होने के बावजूद यह रेजर पानी में भी खराब नहीं होता और शेविंग के दौरान इस्तेमाल किया जा सकता है। इस रेजर को जापान की कंपनी काई कॉरपोरेशन (Kai Corporation) ने तैयार किया है। कंपनी ने इसे साल 2021 में पेश किया था। इसका मकसद रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले डिस्पोजेबल रेजर से निकलने वाले प्लास्टिक कचरे को कम करना है।
ओरिगामी की तरह मोड़कर करना पड़ता है तैयार
इस रेजर की सबसे खास बात इसका डिजाइन है। यह सामान्य रेजर की तरह पहले से बना हुआ नहीं मिलता, बल्कि एक पतली शीट के रूप में पैक किया जाता है। इस्तेमाल करने से पहले इसे दिए गए निर्देशों के अनुसार मोड़ना पड़ता है। जापान की पारंपरिक ओरिगामी कला की तरह इसे कुछ स्टेप में मोड़कर रेजर का आकार दिया जाता है।इसका वजन करीब 4 ग्राम है और पैकिंग भी बेहद पतली रखी गई है, जिससे इसे आसानी से जेब या बैग में रखा जा सकता है।
पानी में भी नहीं गलता कागज का हैंडल
आमतौर पर कागज पानी के संपर्क में आते ही गीला होकर कमजोर पड़ जाता है, लेकिन इस रेजर में खास तरह का पानी-रोधी कागज इस्तेमाल किया गया है। कंपनी के मुताबिक, इसका हैंडल पानी और करीब 40 डिग्री सेल्सियस तक गर्म पानी के संपर्क में आने पर भी इस्तेमाल के लायक रहता है।यानी शेविंग के दौरान इसे पानी से धोया भी जा सकता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि रेजर पूरी तरह कागज का बना है। इसमें केवल हैंडल कागज से तैयार किया गया है, जबकि ब्लेड और उसका हेड धातु से बने हैं।
प्लास्टिक का इस्तेमाल 98 प्रतिशत तक कम
कंपनी का दावा है कि पारंपरिक डिस्पोजेबल रेजर की तुलना में इस डिजाइन में प्लास्टिक का इस्तेमाल करीब 98 प्रतिशत तक कम किया गया है। इसका हल्का और कॉम्पैक्ट डिजाइन इसे यात्रा के दौरान भी उपयोगी बनाता है।इसकी खासियतों को दिखाने वाले वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर गों का ध्यान खींच रहे हैं। कागज से बने हैंडल को पानी में इस्तेमाल होते देख कई लोग हैरानी जता रहे हैं। यह उत्पाद दिखाता है कि रोजमर्रा की छोटी चीजों में भी पर्यावरण को ध्यान में रखकर नए प्रयोग किए जा सकते हैं।

