दुनिया में ऐसे कई द्वीप हैं जिनके बारे में लोगों को बहुत कम जानकारी है। आपने दुनिया के कई खूबसूरत द्वीपों के बारे में सुना होगा। लेकिन एक ऐसा द्वीप है जिसके नाम दुनिया का सबसे छोटा द्वीप होने का रिकॉर्ड है। आपको यह बात अजीब लग सकती है, लेकिन यह सच है कि दुनिया के इस सबसे छोटे द्वीप पर एक घर के अलावा सिर्फ एक पेड़ ही दिखाई देता है।
न्यूयॉर्क के एलेक्जेंड्रिया बे के पास एक छोटा सा द्वीप है। इसे विश्व का सबसे छोटा द्वीप माना जाता है। इस द्वीप का नाम 'जस्ट रूम इनफ' है। इस द्वीप का आकार एक टेनिस कोर्ट के बराबर है। इससे भी अधिक आश्चर्य की बात यह है कि इस द्वीप पर केवल एक ही घर और एक ही पेड़ है।
'जस्ट रूम इनफ' द्वीप इतना छोटा है कि यह एक घर के एक कोने से शुरू होकर उसी घर के दूसरे कोने पर समाप्त हो जाता है। पूरी दुनिया में 2000 से भी ज्यादा द्वीप हैं और यह द्वीप भी उनमें से एक है। इस द्वीप का आकार केवल 3,300 वर्ग फुट है। इसका नाम गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज है।
इस द्वीप से पहले 'बिशप रॉक' को दुनिया का सबसे छोटा द्वीप माना जाता था। लेकिन जस्ट रूम इनफ आइलैंड अब दुनिया का सबसे छोटा द्वीप बन गया है। 'जस्ट रूम इनफ' द्वीप बिशप द्वीप के आकार का आधा है। पहले इस द्वीप को 'हब द्वीप' के नाम से जाना जाता था, लेकिन वर्ष 1950 में इस द्वीप को एक परिवार ने खरीद लिया। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने यहां एक छोटा सा घर बनाया और एक पेड़ लगाया। कुछ समय बाद उन्होंने इस द्वीप का नाम बदलकर 'जस्ट रूम इनफ' रख दिया।