न ऑफिस, न टारगेट का तनाव… बस सोकर कमाए 9.6 लाख रुपये, मुंबई की महिला ने जीती बाजी
आज के दौर में जहां लोग ऑफिस की भागदौड़, काम के दबाव और टारगेट पूरे करने के तनाव से परेशान रहते हैं, वहीं मुंबई की एक महिला ने ऐसा काम करके लाखों रुपये जीत लिए, जिसके बारे में सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे। इस महिला ने करीब 60 दिनों तक सोने की प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और अपनी नींद के दम पर 9.6 लाख रुपये का इनाम जीत लिया। इतना ही नहीं, उन्हें कंपनी की तरफ से एक स्पॉन्सर्ड हॉलिडे भी मिला है।
इस महिला का नाम जीनिया चटर्जी है। उन्हें भारत की 'स्लीप चैंपियन' चुना गया है। यह प्रतियोगिता होम और फर्निशिंग ब्रांड वेकफिट (Wakefit) की ओर से आयोजित की गई थी। इसमें देशभर से 2 लाख से ज्यादा लोगों ने आवेदन किया था, लेकिन कई चरणों की स्क्रीनिंग के बाद केवल 10 प्रतिभागियों को चुना गया।
60 दिनों तक चली सोने की प्रतियोगिता
वेकफिट की इस अनोखी स्लीप इंटर्नशिप का मकसद लोगों को अच्छी नींद और स्वस्थ दिनचर्या के प्रति जागरूक करना था। चयनित 10 प्रतिभागियों को करीब दो महीने तक अपनी नींद का विशेष ध्यान रखना था। उन्हें रोजाना तय समय पर सोना, अपनी नींद का रिकॉर्ड रखना और स्लीप परफॉर्मेंस बेहतर बनाए रखना था।
प्रतिभागियों को हर दिन उनकी नींद के आधार पर स्कोर दिया जाता था। इन स्कोर के जरिए लीडरबोर्ड तैयार होता था, जिससे पता चलता था कि कौन सबसे बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। हालांकि, इस प्रतियोगिता में केवल सोना ही काफी नहीं था। प्रतिभागियों को हर सप्ताह कुछ मजेदार और क्रिएटिव टास्क भी पूरे करने पड़ते थे।
कभी फिल्मों के सीन, तो कभी कंबल-पिलो वाला मिशन
प्रतियोगिता में कई दिलचस्प चैलेंज रखे गए थे। इनमें 'स्लीप सिनेमा' नाम का टास्क शामिल था। इसके तहत प्रतिभागियों को मशहूर फिल्मों के सीन को नींद से जोड़कर अपने अंदाज में दोबारा तैयार करना था।
वहीं, 'स्लीप बिंगो' में उन्हें पूरे सप्ताह अपनी सोने की आदतों पर नजर रखनी थी। सबसे मजेदार टास्क 'अंडरकवर स्लीप मिशन' था। इसमें प्रतिभागियों को किसी बातचीत के दौरान बिना सामने वाले को शक हुए 'ब्लैंकेट' या 'पिलो' शब्द का 10 बार इस्तेमाल करना था।
हर सप्ताह इन क्रिएटिव चैलेंज में अच्छा प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी को 'प्रो स्लीपर ऑफ द वीक' का खिताब दिया जाता था।
ग्रैंड फिनाले में हुए दो बड़े मुकाबले
करीब दो महीने बाद जीनिया चटर्जी, रत्नागिरी मणिकंदन और मेहेक खोट टॉप तीन प्रतिभागियों के रूप में सामने आए। वहीं, हैदराबाद के करीम खान ने सबसे ज्यादा साप्ताहिक क्रिएटिव चैलेंज जीतकर वाइल्डकार्ड एंट्री हासिल की। इस तरह फिनाले में कुल चार प्रतियोगी पहुंचे।
ग्रैंड फिनाले का नाम 'बिग बेड' रखा गया था। इसमें दो प्रमुख मुकाबले हुए। पहले 'मेमोरी फोम चैलेंज' में प्रतिभागियों को रेफरेंस तस्वीरें देखकर बेडरूम का वैसा ही सेटअप तैयार करना था। इससे उनकी याददाश्त, चीजों को देखने और टीमवर्क की क्षमता परखी गई।
दूसरे मुकाबले का नाम 'स्लीप ऑक्शन' था। इसमें प्रतिभागियों को तकिए, कंबल, एसी कंट्रोल, लाइटिंग और साउंड जैसी चीजों के लिए बोली लगाकर अपने सोने का बेहतर माहौल तैयार करना था।
आखिरी रात की नींद ने बनाया चैंपियन
दोनों मुकाबलों के बाद सभी फाइनलिस्ट ने अपने तैयार किए गए स्लीपिंग सेटअप में एक आखिरी रात बिताई। इसके बाद उनके स्लीप स्कोर के आधार पर विजेता का फैसला हुआ। जीनिया चटर्जी ने बाकी प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए प्रतियोगिता जीत ली।
इस जीत के साथ उन्हें 9.6 लाख रुपये की इनामी राशि और वेकफिट की ओर से स्पॉन्सर्ड छुट्टियों का पैकेज मिला। कंपनी ने इस प्रतियोगिता के छठे सीजन के लिए प्री-रजिस्ट्रेशन भी शुरू कर दिया है।
सोने के बदले लाखों रुपये जीतने की जीनिया की यह कहानी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि, यह प्रतियोगिता सिर्फ बिस्तर पर लेटे रहने की नहीं थी, बल्कि इसमें नियमित दिनचर्या, नींद की गुणवत्ता और कई रचनात्मक चुनौतियों में भी बेहतर प्रदर्शन करना जरूरी था।

