
बगीचे में घूमना किसे पसंद नहीं होता लेकिन एक बगीचा ऐसा भी है जिसके नाम मात्र से ही लोग डर से कांपने लगते हैं। दरअसल, यह बाग जानलेवा है और यहां कई लोगों की मौत हो चुकी है। यदि कोई व्यक्ति इस उद्यान में आए और गलती से फूलों की खुशबू सूंघ ले तो उसकी मृत्यु हो सकती है। यह उद्यान इंग्लैण्ड में है। लोगों को इस उद्यान में अकेले जाने की सलाह नहीं दी जाती है। वे यहां जाने के लिए हमेशा गार्ड को साथ ले जाते हैं। ऐसा कहा जाता है कि अगर कोई गलती से भी इस बगीचे में अकेला चला जाए तो वह जिंदा वापस नहीं लौट पाता।
यह उद्यान नॉर्थम्बरलैंड, यूनाइटेड किंगडम में स्थित है। इस उद्यान का नाम 'अल्नविक पॉइज़न गार्डन' है। यह 'विष उद्यान' के नाम से भी प्रसिद्ध है। 'द अल्वनिक पॉइजन गार्डन' को दुनिया का सबसे खतरनाक गार्डन माना जाता है। हालाँकि, यह उद्यान दिखने में बहुत सुंदर और आकर्षक है। इस उद्यान में सुंदर टोपरी, रंग-बिरंगे पौधे, सुगंधित गुलाब और झरने लगे हैं, जो काफी आकर्षक हैं।
इस बगीचे में प्रवेश करते ही एक बड़ा सा काले रंग का लोहे का दरवाजा है। यह बगीचे का प्रवेश द्वार है। इस पर स्पष्ट चेतावनी लिखी है कि रुककर फूलों को सूंघना और उन्हें तोड़ना मना है। साथ ही इस दरवाजे पर चेतावनी के साथ खतरे का चिन्ह भी बनाया गया है। यह जहरीला उद्यान 14 एकड़ में फैला हुआ है। यहां लगभग 700 जहरीले पौधे हैं।
ऐसा कहा जाता है कि इन जहरीले फूलों का इस्तेमाल शाही दुश्मनों को हराने के लिए किया जाता था। इस उद्यान में थोड़ी सी लापरवाही घातक साबित हो सकती है। कहा जाता है कि अब तक इस बाग में आने से 100 से अधिक लोगों की रहस्यमय तरीके से मौत हो चुकी है।