Samachar Nama
×

मौत से ठीक पहले मरीज ने नर्स से कहे 6 शब्द, सुनकर महिला ने तुरंत छोड़ दी नौकरी!
 

मौत से ठीक पहले मरीज ने नर्स से कहे 6 शब्द, सुनकर महिला ने तुरंत छोड़ दी नौकरी!

अस्पतालों में डॉक्टरों और नर्सों का सामना अक्सर ऐसे हालात से होता है, जिन्हें भुला पाना आसान नहीं होता। लेकिन सोशल मीडिया पर एक नर्स की ओर से साझा की गई डरावनी कहानी इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। नर्स के मुताबिक, एक बुजुर्ग महिला मरीज ने मौत से कुछ मिनट पहले उससे ऐसी बात कही कि वह बुरी तरह डर गई। बाद में अस्पताल में हुई एक और घटना ने उसके डर को और बढ़ा दिया। आखिरकार उसने नौकरी छोड़ने का फैसला कर लिया।

रात ढाई बजे खाली कुर्सी को घूर रही थी मरीज

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह किस्सा तब सामने आया जब टिकटॉक पर मारिसा नाम की एक यूजर ने मेडिकल स्टाफ से उनके काम के दौरान हुए सबसे डरावने अनुभव साझा करने को कहा। इसी दौरान एक नर्स ने अपनी आपबीती सुनाई।

नर्स के मुताबिक, रात करीब 2:30 बजे वह एक बुजुर्ग महिला मरीज की देखभाल कर रही थी। अचानक उसकी नजर मरीज पर पड़ी, जो कमरे के कोने में रखी एक खाली कुर्सी को लगातार घूर रही थी। नर्स ने उससे पूछा कि क्या हुआ है? इस पर मरीज ने कुर्सी को दूसरी तरफ घुमाने के लिए कहा।

जब नर्स ने इसकी वजह पूछी तो मरीज ने बताया कि कुर्सी पर एक छोटा बच्चा बैठा है, जो उसे लगातार घूर रहा है और मुस्कुरा रहा है। उसने यह भी कहा कि उस बच्चे के बहुत सारे दांत हैं और उसे देखकर डर लग रहा है।

20 मिनट बाद फिर बजाई इमरजेंसी बेल

नर्स ने मरीज की बात को भ्रम समझा और कुर्सी को दीवार की तरफ घुमा दिया। इसके बाद वह कमरे से बाहर चली गई। करीब 20 मिनट बाद मरीज ने दोबारा इमरजेंसी कॉल बेल बजाई। नर्स जब कमरे में पहुंची तो महिला बुरी तरह रो रही थी।

उसने नर्स से कहा कि उसे कुर्सी नहीं घुमानी चाहिए थी। जब नर्स ने इसकी वजह पूछी तो मरीज ने छह शब्द कहे, जिन्हें सुनकर उसके होश उड़ गए। मरीज ने कहा, 'क्योंकि अब वह तुम्हारे पीछे खड़ा है।'

नर्स के मुताबिक, वह इतनी डर गई कि उसने पीछे मुड़कर देखने की हिम्मत तक नहीं की। कुछ ही देर बाद सुबह करीब 3:17 बजे मरीज को कार्डियक अरेस्ट आया। मेडिकल टीम ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी मौत हो गई।

तकिए के नीचे मिली रहस्यमयी चिट्ठी

मरीज की मौत के बाद जब नर्स कमरे को साफ कर रही थी, तभी उसे तकिए के नीचे एक मुड़ा हुआ कागज मिला। उस पर लिखा था कि वह कोई छोटा बच्चा नहीं है, बल्कि इतना लंबा है कि लोगों को अपना चेहरा दिखाने के लिए नीचे झुकता है।

नर्स ने जब यह बात अपनी एक सहकर्मी को बताई तो वह भी घबरा गई। कहानी के मुताबिक, तीन महीने पहले इसी कमरे में सात साल की एक बच्ची की मौत हुई थी। बताया गया कि बच्ची ने भी मौत से पहले कमरे के कोने में एक बेहद लंबे आदमी को देखने की बात कही थी।

सिक्योरिटी गार्ड की बात सुनकर छोड़ दी नौकरी

इस घटना के बाद नर्स ने अस्पताल में काम जारी रखने के बजाय नौकरी छोड़ने का फैसला कर लिया। लेकिन कहानी में सबसे डरावना मोड़ तब आया, जब वह अपनी आखिरी शिफ्ट के बाद अस्पताल से बाहर निकल रही थी।

तभी एक सिक्योरिटी गार्ड ने उससे पूछा कि एक छोटा बच्चा हमेशा उसके पीछे-पीछे कॉरिडोर में क्यों घूमता रहता है। यह सुनकर नर्स और ज्यादा घबरा गई और वहां से चली गई।

क्या सच में हुई थी यह घटना?

यह पूरी कहानी सोशल मीडिया पर एक नर्स की ओर से किए गए दावे पर आधारित है। फिलहाल इस घटना की पुष्टि करने वाला कोई आधिकारिक सबूत या स्वतंत्र जानकारी सामने नहीं आई है। इसलिए इसे एक वायरल डरावने किस्से के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।

Share this story

Tags