Samachar Nama
×

बेंगलुरु में नौकरी या लग्जरी लाइफ? लड़की के ₹63 हजार के खर्च ने इंटरनेट पर मचाई बहस!

बेंगलुरु में नौकरी या लग्जरी लाइफ? लड़की के ₹63 हजार के खर्च ने इंटरनेट पर मचाई बहस!

बेंगलुरु में नौकरी करने वाली एक लड़की के महीने भर के खर्च का बजट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। लड़की ने इंस्टाग्राम पर अपने मासिक खर्चों की जानकारी साझा की, जिसमें कुल खर्च करीब ₹63,000 बताया गया है। इस बजट को देखकर कुछ लोग हैरान हैं, तो कुछ ने उसके खर्च करने के तरीके पर सवाल उठाए हैं।


लड़की के मुताबिक, हर महीने ₹25,000 रुपये घर के किराए पर खर्च होते हैं। ग्रॉसरी पर ₹3,000, शेयर्ड कुक पर ₹2,000 और घर में मदद करने वाली मेड पर ₹1,000 रुपये खर्च होते हैं। इसके अलावा ट्रैवल पर ₹7,000, ऑनलाइन फूड डिलीवरी पर ₹12,000, OTT सब्सक्रिप्शन पर ₹6,000 और शॉपिंग पर ₹7,000 रुपये खर्च होते हैं।

इन सभी खर्चों को जोड़ने पर कुल रकम ₹63,000 बैठती है।

अब इसी बजट को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। लोगों का कहना है कि जब लड़की ने खाना बनाने के लिए कुक रखा हुआ है, तो फिर ऑनलाइन फूड डिलीवरी पर हर महीने ₹12,000 रुपये खर्च करने की क्या जरूरत है? वहीं, ₹6,000 रुपये OTT सब्सक्रिप्शन और ₹7,000 रुपये शॉपिंग पर खर्च करने को भी कुछ लोग गैर-जरूरी खर्च मान रहे हैं।

आलोचना करने वालों का कहना है कि अगर खर्च कम करना है, तो सबसे पहले ऑनलाइन खाना मंगाने, कई OTT सब्सक्रिप्शन लेने और शॉपिंग के बजट पर नियंत्रण रखना चाहिए। उनके मुताबिक, घर से बाहर रहकर आरामदायक लाइफस्टाइल चुनना किसी की अपनी पसंद है, लेकिन फिर अपने खर्चों की जिम्मेदारी भी खुद ही लेनी चाहिए।

हालांकि, दूसरी तरफ यह भी कहा जा रहा है कि हर व्यक्ति की जरूरतें और लाइफस्टाइल अलग होती हैं। बेंगलुरु जैसे बड़े शहर में किराया, ट्रैवल और रोजमर्रा के खर्च भी काफी हो सकते हैं। इसलिए किसी के बजट पर राय बनाने से पहले उसकी सैलरी, काम के घंटे और निजी परिस्थितियों को समझना भी जरूरी है।

Share this story

Tags