न्यूयॉर्क में 2BHK का 10 लाख महीना किराया दे रही भारतीय लड़की, लोगों का चकराया दिमाग, बोले- इसकी सैलरी कितनी होगी
न्यूयॉर्क की महंगी लाइफस्टाइल अक्सर लोगों को हैरान करती है। अब एक भारतीय महिला के अपार्टमेंट का किराया सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। महिला ने बताया कि न्यूयॉर्क के मैनहट्टन इलाके में दो बेडरूम वाले अपार्टमेंट का किराया करीब 10 हजार डॉलर यानी लगभग 10 लाख रुपये प्रति महीना है। यह सुनकर सोशल मीडिया यूजर्स हैरान रह गए और कई लोगों ने सवाल किया कि आखिर इस तरह का किराया देने के लिए उनकी कमाई कितनी होगी।
दरअसल, फाइनेंस इंफ्लुएंसर शरण हेगड़े ने न्यूयॉर्क में रहने वाली कंटेंट क्रिएटर और उद्यमी खुशी जैन से उनके अपार्टमेंट के किराए को लेकर सवाल किया था। वीडियो में जब खुशी ने बताया कि वह करीब 10 हजार डॉलर हर महीने किराए के रूप में देती हैं, तो यह बात तेजी से वायरल हो गई। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 10 लाख रुपये बैठती है।
खुशी जैन ने बताया कि मैनहट्टन में अच्छे लोकेशन और सुविधाओं वाले अपार्टमेंट काफी महंगे हैं। उन्होंने घर तलाशते समय 10 हजार डॉलर से कम कीमत में अपनी जरूरत के हिसाब से अपार्टमेंट नहीं देखा, जिसके बाद उन्होंने मैनहट्टन से बाहर रहने का फैसला किया।
उन्होंने यह भी बताया कि न्यूयॉर्क के कुछ दूसरे इलाकों जैसे ब्रुकलिन, क्वींस, लॉन्ग आइलैंड सिटी और एस्टोरिया में इससे कम किराए में घर मिल सकते हैं। वहां करीब 5 से 6 हजार डॉलर प्रति माह में भी विकल्प उपलब्ध हो सकते हैं।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने न्यूयॉर्क की महंगी जिंदगी और वहां की कमाई को लेकर चर्चा शुरू कर दी। कुछ यूजर्स का कहना था कि 10 लाख रुपये का किराया हर जगह सामान्य नहीं है और इलाके, बिल्डिंग की सुविधाओं और लोकेशन के हिसाब से कीमत काफी बदल सकती है। वहीं कुछ लोगों ने कहा कि न्यूयॉर्क में कमाई भी उसी स्तर की होती है, इसलिए सिर्फ रुपये में बदलकर तुलना करना सही तस्वीर नहीं दिखाता।
कई यूजर्स ने यह भी सवाल किया कि अगर कोई व्यक्ति हर महीने 10 लाख रुपये सिर्फ किराए पर खर्च कर रहा है तो उसकी सैलरी कितनी होगी। हालांकि महिला ने अपनी व्यक्तिगत आय का खुलासा नहीं किया है। उन्होंने बताया कि वह अपने पार्टनर के साथ रहती हैं और दोनों के कुल खर्च में किराया और अन्य खर्च शामिल हैं।
न्यूयॉर्क में रहने की कीमत
न्यूयॉर्क दुनिया के सबसे महंगे शहरों में गिना जाता है, खासकर मैनहट्टन जैसे इलाकों में। यहां घर का किराया, खाने-पीने और अन्य सुविधाओं का खर्च काफी ज्यादा हो सकता है। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर इस वीडियो ने एक बार फिर विदेशों में रहने वाले भारतीयों की कमाई और खर्च को लेकर चर्चा छेड़ दी है।
खुशी जैन के किराए के दावे ने लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि न्यूयॉर्क जैसी जगहों पर आरामदायक जिंदगी जीने के लिए कितनी बड़ी आय की जरूरत पड़ सकती है। हालांकि, विशेषज्ञों और यूजर्स का कहना है कि किसी भी शहर की जीवनशैली को समझने के लिए वहां की स्थानीय कमाई, खर्च और जीवन स्तर को भी ध्यान में रखना जरूरी है।

