न्यूयॉर्क में रहने के लिए कितना पैसा चाहिए? अमेरिकी कपल ने रिवील किया हर महीने का खर्च; Video
दुनिया के सबसे महंगे शहरों में शामिल न्यूयॉर्क सिटी में रहना कितना महंगा है, इसका अंदाजा एक अमेरिकी कपल के वायरल वीडियो से लगाया जा सकता है। कपल ने सोशल मीडिया पर अपने एक महीने के खर्च का पूरा हिसाब साझा किया है। वीडियो में उन्होंने बताया कि न्यूयॉर्क में सामान्य लाइफस्टाइल बनाए रखने के लिए भी हर महीने बड़ी रकम खर्च करनी पड़ती है।
वीडियो में महिला ने बताया कि वह और उसके पति खुद को "फ्रूगल कपल" यानी सीमित खर्च करने वाला कपल मानते हैं, लेकिन इसके बावजूद एक महीने में उनका कुल खर्च करीब 7,840 डॉलर यानी लगभग 7.4 लाख रुपये तक पहुंच गया। उनके खर्च में घर का किराया, खाना, ट्रांसपोर्ट, बिल, शॉपिंग और अन्य जरूरतें शामिल हैं।
न्यूयॉर्क में सबसे बड़ा खर्च घर का किराया
कपल ने बताया कि न्यूयॉर्क में उनका सबसे बड़ा खर्च किराया है। वे एक बेडरूम वाले अपार्टमेंट के लिए हर महीने करीब 2,800 डॉलर यानी लगभग 2.6 लाख रुपये चुकाते हैं। यह अपार्टमेंट कोलंबस सर्कल के पास स्थित है। महिला ने इसे न्यूयॉर्क जैसे महंगे इलाके के हिसाब से अच्छा सौदा बताया।
खाने पर भी खर्च लाखों में
कपल ने बताया कि वे खाने की गुणवत्ता को लेकर समझौता नहीं करते। इसलिए उनकी ग्रॉसरी पर हर महीने करीब 1,210 डॉलर यानी लगभग 1.1 लाख रुपये खर्च होते हैं। इसके अलावा बाहर खाना खाने पर करीब 617 डॉलर यानी लगभग 58 हजार रुपये खर्च किए जाते हैं।
ट्रांसपोर्ट और बाकी खर्च
वीडियो में कपल ने बताया कि आने-जाने के लिए उनका खर्च करीब 532 डॉलर यानी लगभग 50 हजार रुपये रहा। वहीं फोन, इंश्योरेंस और अन्य सब्सक्रिप्शन जैसे बिलों पर करीब 671 डॉलर यानी लगभग 63 हजार रुपये खर्च हुए। जिम और फिटनेस से जुड़े खर्च भी उनके बजट का हिस्सा हैं।
इसके अलावा कॉफी और मैचा ड्रिंक पर करीब 237 डॉलर, शॉपिंग पर करीब 847 डॉलर और दूसरी छोटी-बड़ी जरूरतों पर भी काफी पैसा खर्च हुआ। इन सभी खर्चों को जोड़ने के बाद कपल का मासिक बजट करीब 7,840 डॉलर तक पहुंच गया।
सोशल मीडिया पर छिड़ी चर्चा
कपल का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर न्यूयॉर्क की महंगाई को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। कई लोगों ने कहा कि न्यूयॉर्क जैसी जगहों पर अच्छी कमाई के साथ खर्च भी काफी ज्यादा होता है। वहीं कुछ यूजर्स ने कहा कि खर्च कम करने के लिए लोग छोटे घर, कम बाहर खाना और सीमित लाइफस्टाइल अपना सकते हैं।
कई भारतीय यूजर्स ने भी इस वीडियो पर प्रतिक्रिया दी और भारत के शहरों से इसकी तुलना की। लोगों का कहना है कि विदेशों में ज्यादा कमाई के मौके जरूर मिलते हैं, लेकिन वहां रहने का खर्च भी उसी हिसाब से बढ़ जाता है।
न्यूयॉर्क जैसे शहर में रहने के लिए सिर्फ नौकरी और कमाई ही नहीं, बल्कि सही आर्थिक योजना बनाना भी जरूरी है। यह वीडियो दिखाता है कि दुनिया के बड़े शहरों में सुविधाओं के साथ-साथ जीवनयापन की लागत भी काफी अधिक होती है।

