पाइनएप्पल से इतनी नफरत कि नौकरी तक दांव पर लगा दी, शेफ के हाथों से गई लाखों की Job
पिज्जा पर अनानास डालना चाहिए या नहीं, इसे लेकर दुनिया भर में बहस होती रहती है। कुछ लोगों को मीठे अनानास और चीज का मेल पसंद आता है, तो कुछ इसे पिज्जा के स्वाद के साथ खिलवाड़ मानते हैं। लेकिन ऑस्ट्रेलिया में एक इटालियन शेफ ने इस बहस को अपनी नौकरी तक पहुंचा दिया। उसने ग्राहक की मांग पर पिज्जा में अनानास डालने से इनकार कर दिया। उसका कहना था कि ऐसा करना उसकी संस्कृति और पारंपरिक इटालियन खानपान का अपमान है। आखिरकार उसे नौकरी से निकाल दिया गया। इतना ही नहीं, नौकरी से निकाले जाने के खिलाफ कानूनी लड़ाई भी वह हार गया।
यह मामला ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन स्थित ला कोस्टा रेस्टोरेंट का है। यहां काम करने वाले शेफ का नाम डेविडे ताम्बुरेला है। वह मूल रूप से इटली के रहने वाले हैं और पारंपरिक इटालियन पिज्जा बनाने में विश्वास रखते हैं।
तीन बार अनानास डालने से कर चुके थे इनकार
मामले के मुताबिक, रेस्टोरेंट में एक कार्यक्रम के दौरान ग्राहक ने हैम और अनानास वाला पिज्जा बनाने की मांग की थी। लेकिन ताम्बुरेला ने इसे तैयार करने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि पिज्जा में अनानास डालना उनकी संस्कृति के खिलाफ है और वह इसे अपने पारंपरिक आटे पर इस्तेमाल नहीं करना चाहते।
यह पहली बार नहीं था जब उन्होंने ऐसी मांग ठुकराई थी। ऑस्ट्रेलिया के फेयर वर्क कमीशन के सामने पेश मामले में बताया गया कि पिछले चार वर्षों में यह तीसरी बार था, जब शेफ ने पिज्जा पर अनानास डालने से मना किया था। इससे पहले भी उन्होंने अपने बॉस से कहा था कि इटालियन लोगों के लिए पिज्जा में अनानास न डालना कितना महत्वपूर्ण है, इस बात को समझने की कोशिश की जाए।
सिर्फ अनानास विवाद नहीं था नौकरी जाने की वजह
रेस्टोरेंट प्रबंधन ने शेफ को नौकरी से निकालने के पीछे कई कारण बताए। प्रबंधन के मुताबिक, उनके व्यवहार, काम करने के तरीके और बातचीत के दौरान अनुचित भाषा के इस्तेमाल को लेकर भी शिकायतें थीं। कार्यस्थल पर नाराजगी बढ़ाने और पेशेवर व्यवहार को लेकर भी सवाल उठाए गए थे।
रेस्टोरेंट के मालिक इलियट इंग्राम ने कहा कि नौकरी से निकालने का फैसला केवल अनानास वाले विवाद के कारण नहीं लिया गया था। इसके पीछे कई दूसरे मुद्दे भी थे। हालांकि, ग्राहक की मांग पूरी करने से इनकार करना भी इस फैसले का एक हिस्सा था।
कोर्ट में भी नहीं मिली राहत
नौकरी से निकाले जाने के बाद ताम्बुरेला ने ऑस्ट्रेलिया के फेयर वर्क कमीशन में अनुचित बर्खास्तगी की शिकायत दर्ज कराई। उन्हें उम्मीद थी कि आयोग उनके पक्ष में फैसला देगा, लेकिन उनकी याचिका खारिज कर दी गई। आयोग ने पाया कि उन्होंने निर्धारित 21 दिनों की समयसीमा के बाद शिकायत दर्ज कराई थी और देरी को स्वीकार करने के लिए कोई असाधारण परिस्थिति भी सामने नहीं आई।
इस तरह शेफ को कानूनी लड़ाई में भी राहत नहीं मिली। हालांकि, उनकी नौकरी जाने की खबर दुनिया भर में चर्चा का विषय बन गई।
अब दूसरे रेस्टोरेंट में कर रहे काम
दिलचस्प बात यह है कि जिस रेस्टोरेंट में यह विवाद हुआ था, वह भी बाद में बंद हो गया। उसका पट्टा समाप्त होने और कारोबार की बढ़ती लागत को इसकी वजह बताया गया। वहीं, ताम्बुरेला अब ब्रिस्बेन के एक दूसरे रेस्टोरेंट में मुख्य शेफ के तौर पर काम कर रहे हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, वहां के मेन्यू में अनानास वाला पिज्जा शामिल नहीं है।
इस घटना ने एक बार फिर पिज्जा पर अनानास डालने को लेकर पुरानी बहस छेड़ दी है। कुछ लोग शेफ के पारंपरिक खानपान के प्रति लगाव का समर्थन कर रहे हैं, जबकि दूसरे लोगों का कहना है कि रेस्टोरेंट में ग्राहक की पसंद का सम्मान करना भी जरूरी है।

