नोएडा में किराए पर रहने वाली तनु भारद्वाज ने अपने फ्लैट और सोसाइटी की सुविधाओं का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। उन्होंने बताया कि सेमी-फर्निश्ड फ्लैट के लिए वह हर महीने 29,000 रुपये किराया देती हैं। खास बात यह है कि फ्लैट की बालकनी से मिलने वाला खूबसूरत नजारा भी उनके किराए का हिस्सा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है कि नोएडा में इतनी सुविधाओं के लिए 29 हजार रुपये का किराया सही है या फिर यह काफी महंगा सौदा है।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया फ्लैट का वीडियो'
तनु ने यह वीडियो इंस्टाग्राम के @tanus.diary हैंडल से शेयर किया है। वीडियो में वह अपने फ्लैट का टूर कराते हुए बताती हैं कि नोएडा में 29 हजार रुपये के बजट में रेजिडेंशियल सोसाइटी में आखिर क्या-क्या सुविधाएं मिलती हैं।तनु के मुताबिक, उनका फ्लैट सेमी-फर्निश्ड है। इसमें मॉड्यूलर किचन, चिमनी, आरओ वॉटर प्यूरिफायर, गीजर, सीलिंग फैन और एग्जॉस्ट फैन जैसी जरूरी सुविधाएं पहले से मौजूद हैं। इसके अलावा सोसाइटी में रहने वालों को पार्किंग, पार्क, जिम, स्विमिंग पूल, योगा हॉल और पार्टी हॉल जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं।
तनु ने वीडियो में सवाल किया कि क्या इतनी सुविधाओं के लिए 29 हजार रुपये महीने का किराया देना सही डील है?
उन्होंने अपने वीडियो के कैप्शन में भी इसी सवाल को उठाते हुए नोएडा में प्रीमियम लाइफस्टाइल की कीमत पर रियलिटी चेक करने की बात कही।
वीडियो पर यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया
तनु का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और इसे लेकर लोगों की राय बंटी हुई नजर आई। कुछ यूजर्स ने कहा कि जिम, स्विमिंग पूल और दूसरी सुविधाओं को देखते हुए 29 हजार रुपये का किराया ज्यादा नहीं है। वहीं, कई लोगों को सेमी-फर्निश्ड फ्लैट के लिए यह रकम काफी अधिक लगी।
एक यूजर ने सवाल किया कि फ्लैट कितने वर्ग फुट का है, कौन-सी मंजिल पर है और यह किस सेक्टर व सोसाइटी में स्थित है।
वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि अच्छी तरह मेंटेन की गई सोसाइटी में इतनी सुविधाओं के साथ फ्लैट मिलना अभी भी अफोर्डेबल है। कुछ लोगों ने नोएडा में लगातार बढ़ते किराए पर चिंता जताई, जबकि कुछ ने कहा कि सेमी-फर्निश्ड फ्लैट के लिए 29 हजार रुपये काफी ज्यादा हैं।
बढ़ते किराए ने बढ़ाई किराएदारों की चिंता
दिल्ली-एनसीआर में हाउसिंग डिमांड बढ़ने के साथ किराए को लेकर चर्चा भी तेज हुई है। खासकर नोएडा में मेट्रो कनेक्टिविटी, ऑफिस हब और आधुनिक सोसाइटी की सुविधाओं वाले इलाकों में किराए पर दबाव देखने को मिलता है।
हालांकि, किसी फ्लैट का किराया केवल सोसाइटी की सुविधाओं से तय नहीं होता। लोकेशन, फ्लैट का साइज, मंजिल, फर्निशिंग, मेट्रो से दूरी और सोसाइटी की सुविधाएं भी किराए में बड़ा अंतर पैदा करती हैं। इसके अलावा मेंटेनेंस, बिजली, पानी और दूसरे चार्ज अलग से देने पड़ सकते हैं।
तनु का वीडियो इसी सवाल को सामने लाता है कि क्या नोएडा में 29 हजार रुपये महीने में प्रीमियम सोसाइटी और अच्छी लाइफस्टाइल मिल सकती है, या इसके लिए अभी भी कई समझौते करने पड़ते हैं?

