Samachar Nama
×

नौकरी से निकाला, सैलरी काटी और पीछे से खेल किया… अब इस एआई कंपनी को कोर्ट में चुकानी होगी बड़ी कीमत!
 

नौकरी से निकाला, सैलरी काटी और पीछे से खेल किया… अब इस एआई कंपनी को कोर्ट में चुकानी होगी बड़ी कीमत!

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के बढ़ते इस्तेमाल के बीच कंपनियां तेजी से अपने कामकाज में बदलाव कर रही हैं। कई जगह कर्मचारियों की जगह एआई तकनीक का इस्तेमाल भी शुरू हो गया है। लेकिन चीन में एक कंपनी को यही कदम उठाना भारी पड़ गया। कंपनी ने पहले अपने एक कर्मचारी की जिम्मेदारी एआई को सौंप दी, फिर उसका पद घटाकर वेतन में 40 प्रतिशत कटौती करने की कोशिश की। कर्मचारी ने कम वेतन पर काम करने से इनकार किया तो उसे नौकरी से निकाल दिया गया। मामला अदालत पहुंचा और आखिरकार कंपनी को कर्मचारी के पक्ष में आए फैसले का सामना करना पड़ा।

2022 में कंपनी से जुड़ा था कर्मचारी

मामला चीन के झेजियांग प्रांत के हांगझोऊ शहर का है। कर्मचारी की पहचान केवल झोउ उपनाम से बताई गई है। वह नवंबर 2022 में एक वित्तीय तकनीक कंपनी से जुड़ा था और वहां गुणवत्ता जांच पर्यवेक्षक के पद पर काम करता था। उसकी मासिक तनख्वाह 25 हजार युआन यानी करीब 3.2 लाख रुपये थी।उसका काम एआई मॉडल से मिलने वाले जवाबों की जांच करना, उनकी सटीकता परखना और यह सुनिश्चित करना था कि उनमें गैरकानूनी या निजी जानकारी से जुड़ी कोई सामग्री न हो।

25 हजार से घटाकर 15 हजार युआन करने की कोशिश

साल 2025 में कंपनी ने अपने काकाज में एआई तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया। इसके बाद उसने झोउ को बताया कि उसका मौजूदा काम अब एआई मॉडल से कराया जा सकता है। कंपनी ने उसे कम जिम्मेदारी वाले पद पर भेजने का प्रस्ताव दिया।इसके साथ ही उसकी मासिक तनख्वाह 25 हजार युआन से घटाकर 15 हजार युआन करने की बात कही गई। यानी उसके वेतन में सीधे 40 प्रतिशत की कटौती की जा रही थी। झोउ ने इस प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। इसके बाद कंपनी ने उसे नौकरी से निकाल दिया और करीब 3.11 लाख युआन मुआवजे की पेशकश की।

कर्मचारी ने नहीं मानी हार, पहुंचा अदालत

झोउ ने कंपनी के फैसले को चुनौती दी और श्रम मध्यस्थता प्राधिकरण के स शिकायत दर्ज कराई। वहां उसके पक्ष में फैसला आया और कंपनी द्वारा नौकरी से निकालने की कार्रवाई को गैरकानूनी माना गया। इसके बाद कंपनी ने इस फैसले को चुनौती देते हुए अदालत का रुख किया।मामला पहले निचली अदालत और फिर हांगझोऊ की मध्यवर्ती अदालत तक पहुंचा। कंपनी ने दलील दी कि संगठनात्मक बदलाव और कर्मचारियों की जरूरत कम होने के कारण यह फैसला लिया गया था। लेकिन अदालत ने कंपनी की दलीलों को स्वीकार नहीं किया।

कंपनी को देना पड़ा 2.60 लाख युआन से ज्यादा मुआवजा

अदालत ने माना कि केवल एआई तकनीक आने से किसी कर्मचारी को नौकरी से निकालना कानूनी रूप से उचित नहीं हो जाता। कंपनी यह साबित नहीं कर पाई कि कर्मचारी का पुराना काम जारी रखना असंभव हो गया था। अदालत ने यह भी माना कि 40 प्रतिशत कम वेतन वाले पद का प्रस्ताव उचित विकल्प नहीं था।अंततः अदालत ने कंपनी को कर्मचारी को 2.60 लाख युआन से अधिक यानी करीब 35 से 38 हजार अमेरिकी डॉलर का मुआवजा देने का आदेश दिया। भारतीय मुद्रा में यह रकम लगभग 30 से 35 लाख रुपये के आसपास बैठती है।

एआई के दौर में कंपनियों के लिए अहम संदेश

इस फैसले को एआई के कारण नौकरी गंवाने वाले कर्मचारियों के अधिकारों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अदालत का संदेश साफ है कि कंपनियां तकनीकी बदलाव के नाम पर मनमाने तरीके से कर्मचारियों का वेतन नहीं घटा सकतीं और न ही सीधे नौकरी से निकाल सकती हैं।अगर किसी कंपनी में एआई के कारण काम करने का तरीका बदलता है, तो उसे कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने, उनकी भूमिका में उचित बदलाव करने और दूसरे पद पर अवसर देने जैसे विकल्पों पर विचार करना चाहिए।यह फैसला चीन के श्रम कानून के तहत आया है। इसे भारत या दूसरे देशों में लागू कानून का सीधा उदाहरण नहीं माना जा सकता

Share this story

Tags