Samachar Nama
×

Fact Check: न सीढ़ी, न लिफ्ट…क्या सच में फ्लाईओवर के पिलर पर बस गया पूरा परिवार? जानें इस वायरल वीडियो का सच
 

Fact Check: न सीढ़ी, न लिफ्ट…क्या सच में फ्लाईओवर के पिलर पर बस गया पूरा परिवार? जानें इस वायरल वीडियो का सच

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक हैरान कर देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि एक परिवार ने फ्लाईओवर के ऊंचे पिलर पर ही अपना घर बसा लिया है। वीडियो में टीवी, कपड़े, पानी के कंटेनर और रोजमर्रा के इस्तेमाल का सामान दिखाई दे रहा है। इसे देखकर लोग हैरान हैं और सवाल कर रहे हैं कि आखिर बिना सीढ़ी या लिफ्ट के कोई परिवार इतनी ऊंचाई पर कैसे रह सकता है।

वायरल क्लिप को कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने भारत की घटना बताया तो कुछ ने इसे दूसरे देशों से जोड़कर शेयर किया। कई लोगों ने इसे गरीबी और मजबूरी की कहानी बताते हुए भी पोस्ट किया। लेकिन जब इस वीडियो की पड़ताल की गई तो इसकी सच्चाई कुछ और ही निकली।

वायरल वीडियो में क्या दिख रहा है?

करीब 15 सेकंड के इस वीडियो में एक ऊंचे फ्लाईओवर के कंक्रीट पिलर पर एक महिला कपड़े सुखाती हुई नजर आती है। वहीं पास में कुछ लोग बैठे दिखाई देते हैं। पिलर के अंदर टीवी, पानी के डिब्बे और घरेलू सामान रखा हुआ दिखता है। वीडियो को इस तरह पेश किया गया जैसे किसी परिवार ने फ्लाईओवर के पिलर को ही अपना आशियाना बना लिया हो।

सोशल मीडिया पर लोग मजेदार कमेंट करते हुए पूछ रहे थे कि जब वहां जाने के लिए कोई सीढ़ी या लिफ्ट नहीं है तो परिवार वहां पहुंचा कैसे होगा?

क्या यह वीडियो सच में किसी परिवार का घर है?

फैक्ट चेक में सामने आया कि फ्लाईओवर के पिलर पर परिवार के रहने का दावा सही नहीं है। जांच में पता चला कि यह वीडियो किसी वास्तविक घटना का नहीं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किया गया फर्जी वीडियो है।

वीडियो को ध्यान से देखने पर कई ऐसी गड़बड़ियां नजर आती हैं, जो इसके नकली होने की ओर इशारा करती हैं। बैकग्राउंड में दिख रही गाड़ियों और आसपास के दृश्य में असामान्य बदलाव दिखाई देते हैं। इसके अलावा इतनी ऊंचाई पर बिना किसी सुरक्षित रास्ते के टीवी, पानी के कंटेनर और इतना सामान पहुंचाना भी व्यावहारिक रूप से संभव नहीं लगता।

भारत या नाइजीरिया से भी नहीं है संबंध

वायरल वीडियो को लेकर कुछ लोगों ने इसे भारत की घटना बताया, जबकि कुछ पोस्ट में इसे नाइजीरिया के लागोस शहर से जोड़ दिया गया। हालांकि जांच में ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला कि यह किसी वास्तविक जगह या घटना का वीडियो है।

Share this story

Tags