Samachar Nama
×

Work From Home का बेस्ट बजट प्लान: मनाली या गोवा? शख्स का वीडियो इंटरनेट पर मचा रहा धूम

Work From Home का बेस्ट बजट प्लान: मनाली या गोवा? शख्स का वीडियो इंटरनेट पर मचा रहा धूम

दिल्ली के रहने वाले अजय शर्मा ने हिमाचल प्रदेश के मनाली के पास सियाल गांव में करीब 71 दिन बिताने के बाद अब गोवा का रुख किया है। अजय रिमोट जॉब करते हैं और उन्होंने गोवा में अपनी नई जिंदगी और महीने के खर्च का पूरा ब्यौरा सोशल मीडिया पर शेयर किया है। उनके वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। अजय के अलग-अलग वीडियोज को मिलाकर करीब 20 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं।

बीच से सिर्फ 2-3 मिनट की दूरी पर 3BHK विला

अजय ने इंस्टाग्राम पर @a4ajayyyyy हैंडल से गोवा में अपने नए घर का वीडियो शेयर किया है। उन्होंने बताया कि वह फिलहाल एक 3BHK विला में रह रहे हैं, जहां उनके पास अलग कमरा है। कमरे में वाई-फाई, वर्क डेस्क और अटैच्ड बाथरूम जैसी सुविधाएं हैं।विला में किचन, डाइनिंग एरिया और लिविंग स्पेस शेयर किया जाता है। इसके अलावा यहां बैकयार्ड गार्डन भी है। अजय के मुताबिक, उनके घर की सबसे खास बात यह है कि समुद्र तट महज 2-3 मिनट की पैदल दूरी पर है। सुबह की सैर से लेकर शाम का सनसेट तक, समुद्र अब उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है।

किराए से लेकर पेट्रोल तक, जानिए पूरा खर्च

अजय ने गोवा में रहने के अपने मासिक खर्च का भी पूरा ब्रेकडाउन बताया है। उनके 3BHK विला का किराया करीब 15,000 रुपये प्रति माह है। वहीं, राशन का खर्च दिल्ली और मनाली की तुलना में थोड़ा ज्यादा है। पहले हफ्ते में उन्होंने करीब 1,500 रुपये का ग्रॉसरी सामान खरीदा, जिसके हिसाब से महीने का खर्च लगभग 6,000 रुपये बैठता है।

फिटनेस के लिए वह जिम भी जाते हैं, जिसकी फीस करीब 2,000 रुपये महीने है। गोवा में घूमने के लिए स्कूटर को जरूरी बताते हुए अजय ने बताया कि ऑफ-सीजन में उन्हें स्कूटर करीब 4,500 रुपये महीने में मिला। हालांकि, हाउसमेट के साथ शेयर करने की वजह से उनके हिस्से में सिर्फ 2,250 रुपये आते हैं।

इसके अलावा पेट्रोल पर उनका खर्च करीब 300 रुपये प्रति सप्ताह, यानी लगभग 1,200 रुपये महीना है। छोटे-मोटे दूसरे खर्चों पर वह करीब 1,200 रुपये प्रति सप्ताह खर्च करते हैं, जो महीने में लगभग 5,000 रुपये हो जाता है।

इन सभी खर्चों को जोड़ने पर अजय का कुल मासिक बजट करीब 30,000 रुपये बैठता है।

पहाड़ छोड़कर समुद्र किनारे क्यों पहुंचे?

अजय ने हिमाचल प्रदेश में करीब 71 दिन शांत माहौल में बिताए, लेकिन अब वह कुछ महीनों के लिए गोवा में रहने की योजना बना रहे हैं। उनके मुताबिक, गोवा की बीच लाइफ, रिमोट वर्क के लिए बेहतर माहौल और अपनी मर्जी से जिंदगी जीने की आजादी ने उन्हें यहां आने के लिए आकर्षित किया।

उनके वीडियो में सुबह की वॉक, वर्कआउट, रिमोट वर्क और समुद्र किनारे घूमते हुए पल नजर आते हैं। यही वजह है कि उनके अनुभव को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है।

अजय की कहानी उन युवाओं के लिए भी एक उदाहरण बन रही है, जो शहर की भागदौड़ से दूर रहकर रिमोट जॉब के साथ शांत और बेहतर लाइफस्टाइल अपनाना चाहते हैं। हालांकि, गोवा में रहने का खर्च पूरी तरह लोकेशन और सीजन पर निर्भर करता है। नॉर्थ गोवा के लोकप्रिय इलाकों में किराया ज्यादा हो सकता है, जबकि मुख्य पर्यटन क्षेत्रों से थोड़ा दूर रहने पर बजट में घर मिल सकता है।

Share this story

Tags