नौकरी छोड़ने से पहले जरूर देखें दुबई की इस HR मैनेजर का Video, शेयर की बेहद गंभीर सलाह
नौकरी छोड़ने का फैसला अक्सर लोग बेहतर करियर, ज्यादा सैलरी या खराब वर्क कल्चर से परेशान होकर लेते हैं। लेकिन मौजूदा जॉब मार्केट में बिना किसी बैकअप के इस्तीफा देना जोखिम भरा साबित हो सकता है। दुबई में काम कर रहीं HR मैनेजर आलिया वानी मसूद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें उन्होंने कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने से पहले गंभीरता से सोचने की सलाह दी है।
आलिया के मुताबिक, वह करीब 10 साल से ह्यूमन रिसोर्स के क्षेत्र में काम कर रही हैं और इस दौरान उन्होंने जॉब मार्केट में कई तरह के बदलाव देखे हैं। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में नौकरी के अवसरों के लिए प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ गई है। यहां तक कि अच्छे अनुभव वाले प्रोफेशनल्स भी सीमित पदों के लिए आवेदन कर रहे हैं।
अनुभवी लोगों को भी नौकरी के लिए करना पड़ रहा संघर्ष
HR मैनेजर ने अपने अनुभव का हवाला देते हुए बताया कि उन्हें लगातार ऐसे उम्मीदवारों के CV मिलते हैं, जिनके पास मैनेजर स्तर का अनुभव है। इसके बावजूद इनमें से कई लोग एंट्री-लेवल पदों के लिए भी आवेदन कर रहे हैं। उनके मुताबिक, यह स्थिति बताती है कि मौजूदा रोजगार बाजार कितना प्रतिस्पर्धी हो चुका है।
उन्होंने यह भी बताया कि वह हर सप्ताह ऐसे लोगों से मिलती हैं, जिन्होंने हाल ही में अपनी नौकरी गंवाई है। इनमें केवल फ्रेशर्स या कम अनुभव वाले लोग नहीं, बल्कि कई अनुभवी प्रोफेशनल्स भी शामिल हैं। ऐसे में बिना दूसरी नौकरी पक्की किए इस्तीफा देना आर्थिक परेशानी बढ़ा सकता है।
‘पहले बैकअप तैयार करें, फिर छोड़ें नौकरी’
आलिया ने कर्मचारियों को सलाह दी कि अगर मौजूदा नौकरी से खर्च और जरूरी बिल पूरे हो रहे हैं तो बिना ठोस योजना के उसे छोड़ने से बचना चाहिए। उनका कहना है कि इस्तीफा देने से पहले नई नौकरी का ऑफर या पर्याप्त आर्थिक बैकअप तैयार होना जरूरी है।
उनकी सलाह का मतलब यह नहीं है कि कर्मचारी खराब नौकरी में फंसे रहें। अगर किसी कार्यस्थल पर उत्पीड़न, धमकी, अनुचित व्यवहार या गंभीर समस्या है तो कर्मचारी को अपने अधिकारों की जानकारी रखनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर कानूनी मदद लेनी चाहिए।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
आलिया का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने उनकी सलाह का समर्थन करते हुए कहा कि आज के दौर में नौकरी छोड़ने से पहले दूसरी नौकरी तलाशना और वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करना समझदारी है।
कुछ यूजर्स ने कहा कि नौकरी जाने के बाद किराया, EMI, बिजली बिल और रोजमर्रा के खर्चों का दबाव काफी बढ़ जाता है। ऐसे में कुछ महीनों की बेरोजगारी भी बचत पर भारी पड़ सकती है।
वहीं कुछ लोगों ने यह भी कहा कि हर परिस्थिति में नौकरी बचाए रखना सही नहीं है। खराब कार्यस्थल, लगातार मानसिक दबाव या अनुचित व्यवहार जैसी परिस्थितियों में कर्मचारी को अपनी सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देनी चाहिए।

