8 साल के बेटे ने मम्मी के फोन से ऑर्डर कर दिए 70 हज़ार लॉलीपॉप, बिल देख चकरा गई मां
आपने देखा होगा कि बच्चे घर में माता पिता के फोन से खेलते रहते हैं। कई बार माता पिता भी इस बात पर ध्यान नहीं देते कि उनका बच्चा फोन में क्या कर रहा है। लेकिन इस चक्कर में कई बार बच्चों से बड़ा कांड भी हो जाता है। एक महिला के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। महिला का बच्चा अपनी मां के फोन से खेल रहा था लेकिन इसके बाद मां को लाखों रुपए की चपत लग गई। यह घटना अमेरिका के केंटुकी में रहने वाले एक परिवार के साथ हुई। जिन्हें उम्मीद भी नहीं थी कि उनका 8 साल का बेटा खेल-खेल में कुछ ऐसा कर देगा कि उन्हें लाखों का बिल भरना पड़ेगा।
मां ने सोशल मीडिया पर शेयर की घटना:
बच्चे की मां ने सोशल मीडिया पर खुद ये बताया कि उसके बेटे ने क्या कांड कर दिया। दरअसल, बच्चे को डम-डम नाम के लॉलीपॉप्स बहुत पसंद थे। जब बच्चा अपनी मम्मी का फोन चला रहा था तो उसे ऑनलाइन वह लॉलीपॉप दिख गई। इसके बाद बच्चे ने मम्मी के फोन से 70 हज़ार लॉलीपॉप ऑर्डर कर दिए। इसके बाद बिल देखकर मां अपना सिर पकड़कर बैठी है।
बच्चे ने ऑर्डर कर दिए 70 हजार लॉलीपॉप:
अमेरिका के केंटुकी में लेक्सिंगटन की रहने वाली महिला ने अपनी पोस्ट में बताया कि उसके 8 साल के बेटे लियाम ने उसका फोन यूज करते हुए अजीब काम कर दिया। 8 साल के बेटे ने करीब 70 हज़ार कैंडीज़ ऑर्डर कर दीं। वह अपने दोस्तों के लिए एक पार्टी करना चाहता था, जिसमें लॉलीपॉप गिफ्ट के तौर पर मिलते। मां ने बताया कि वो अक्सर फोन से खेलता था, लेकिन पहली बार इस तरह उसने कोई चीज़ खरीदी है। ये ऑर्डर अमेजॉन से किए गए थे, जो महिला के घर एक-एक करके आते जा रहे हैं। अभी भी लॉलीपॉप के 22 बॉक्स आना बाकी हैं।
आया लाखों का बिल:
इस पूरे ऑर्डर का बिल $4,200 यानि 3 लाख 58 हज़ार 311 रुपये था, जिसे देखकर वो सन्न रह गई। महिला ने जब फेसबुक पर इस घटना के बारे में बताया और लोगों को इसे खरीदने की अपील की। इसके बाद पड़ोसी, दोस्त, स्थानीय व्यापारी और यहां तक कि बैंक भी मदद के लिए आगे आया। हालांकि पहले अमेजॉन ने इसे वापस करने से इनकार कर दिया था, लेकिन बाद में मीडिया कवरेज के बाद अमेजॉन इसे वापस करने और फुल रिफंड के लिए मान गया।

