गजब का ऑफर; दुनिया भर के सिंगल्स को फ्री ‘लव ट्रिप’ का मौका! ऐसे करें अप्लाई
अगर आप सिंगल हैं और घूमने के साथ किसी खास इंसान से मिलने का सपना देखते हैं, तो आपके लिए एक अनोखी खबर है। फिनलैंड ने दुनिया भर के सिंगल लोगों को अपने देश में मुफ्त ट्रिप पर आने का न्योता दिया है। इस खास पहल के तहत चुने गए 16 लोगों का पूरा यात्रा खर्च पर्यटन विभाग उठाएगा। इसमें हवाई टिकट से लेकर होटल में ठहरने, खाने-पीने और घूमने-फिरने तक का खर्च शामिल है।
इस अभियान का नाम 'फिनिश डिनर डेट' (Finnish Dinner Date) रखा गया है। इसका उद्देश्य विदेशी मेहमानों को फिनलैंड की संस्कृति और खानपान से परिचित कराने के साथ स्थानीय सिंगल लोगों से मिलने का मौका देना है।
16 लोगों को मिलेगा फ्री ट्रिप का मौका
इस अभियान के तहत कुल 16 सिंगल लोगों का चयन किया जाएगा। इनमें से 8 लोगों को राजधानी हेलसिंकी और बाकी 8 लोगों को टाम्पेरे शहर भेजा जाएगा। यह यात्रा 9 से 19 फरवरी 2027 के बीच आयोजित होगी।
चुने गए प्रतिभागियों को फिनलैंड आने-जाने की फ्लाइट, होटल में ठहरने, भोजन और विशेष गतिविधियों का खर्च नहीं देना होगा। यात्रा के दौरान उनके लिए खास ग्रुप डिनर आयोजित किए जाएंगे, जहां उन्हें स्थानीय सिंगल लोगों से मिलने और बातचीत करने का मौका मिलेगा।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस खास ऑफर के लिए दुनिया के किसी भी देश के 18 साल या उससे अधिक उम्र के सिंगल लोग आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, फिनलैंड के नागरिक और वहां रहने वाले लोग इस अभियान में शामिल नहीं हो सकते। आवेदन व्यक्तिगत रूप से करना होगा।
यानी भारत समेत दुनिया के अलग-अलग देशों में रहने वाले योग्य सिंगल लोग भी इसमें हिस्सा लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
ऐसे करें आवेदन
इस अभियान में शामिल होने के लिए केवल ऑनलाइन फॉर्म भरना पर्याप्त नहीं है। आवेदन करने वालों को एक छोटा वीडियो भी बनाना होगा।
-
सबसे पहले अंग्रेजी में एक छोटा वीडियो रिकॉर्ड करें।
-
वीडियो में इस सवाल का जवाब दें- आप डिनर डेट पर सामने वाले व्यक्ति को क्या खाना परोसेंगे और क्यों?
-
इस वीडियो को इंस्टाग्राम, टिकटॉक या यूट्यूब पर पोस्ट करें।
-
पोस्ट में #FinnishDinnerDate हैशटैग का इस्तेमाल करें और विजिट फिनलैंड के आधिकारिक अकाउंट को टैग करें।
-
इसके बाद आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन फॉर्म भरें और वीडियो का लिंक जमा करें।
आवेदन के लिए आधिकारिक वेबसाइट है: Visit Finland – आवेदन की जानकारी।
10 नवंबर है आवेदन की आखिरी तारीख
इस अभियान के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 10 नवंबर 2026 है। फिनलैंड के समय के अनुसार आवेदन रात 11:59 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। चुने गए 16 प्रतिभागियों के नाम 1 दिसंबर 2026 को घोषित किए जाएंगे।
क्या सच में मिल जाएगा जीवनसाथी?
इस पहल का मकसद केवल डेटिंग नहीं, बल्कि फिनलैंड की संस्कृति और खानपान को दुनिया के सामने लाना भी है। यहां प्रतिभागियों को स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखने और नए लोगों से मिलने का मौका मिलेगा। हालांकि, आयोजकों ने यह गारंटी नहीं दी है कि इस यात्रा के दौरान हर किसी को अपना जीवनसाथी मिल ही जाएगा।
फिर भी मुफ्त विदेश यात्रा के साथ नए लोगों से मिलने का यह मौका दुनिया भर के सिंगल्स के लिए खास आकर्षण बन गया है।

