Samachar Nama
×

‘अब्बा मुझे एक BMW चाहिए…’, 15 साल का बेटा 9वीं में लाया अच्छे नंबर, पिता ने गिफ्ट कर दी 2.30 करोड़ की लग्जरी कार
 

‘अब्बा मुझे एक BMW चाहिए…’, 15 साल का बेटा 9वीं में लाया अच्छे नंबर, पिता ने गिफ्ट कर दी 2.30 करोड़ की लग्जरी कार

बच्चों के अच्छे नंबर आने पर माता-पिता उन्हें मिठाई खिलाते हैं, कहीं घुमाने ले जाते हैं या फिर उनकी पसंद का कोई उपहार देते हैं। लेकिन पश्चिम बंगाल में एक पिता ने अपने बेटे की पढ़ाई में अच्छे प्रदर्शन पर ऐसा तोहफा दिया, जिसकी चर्चा पूरे देश में हो रही है। नौवीं कक्षा की अर्धवार्षिक परीक्षा में अच्छे नंबर लाने पर 15 साल के बेटे को पिता ने करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपये की लग्जरी बीएमडब्ल्यू कार गिफ्ट कर दी। सबसे दिलचस्प बात यह है कि इतनी महंगी कार मिलने के बावजूद बेटा अभी उसे खुद चला भी नहीं सकता।

यह मामला पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले के गलसी इलाके के पराज गांव का है। यहां रहने वाले चावल कारोबारी शम्सुद्दीन मिद्या ने अपने बेटे मोहम्मद तलहा की पुरानी इच्छा पूरी करते हुए उसे बीएमडब्ल्यू एम4 कॉम्पिटिशन कार भेंट की है। तलहा नौवीं कक्षा का छात्र है और उसकी उम्र महज 15 साल है।

‘अब्बा, मुझे एक बीएमडब्ल्यू चाहिए’

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तलहा काफी समय से अपने पिता से बीएमडब्ल्यू कार दिलाने की मांग कर रहा था। वह अक्सर पिता से कहता था, 'अब्बा, मुझे एक बीएमडब्ल्यू चाहिए।' पिता ने उससे कहा था कि अगर वह पढ़ाई में अच्छा प्रदर्शन करेगा तो उसकी इच्छा पूरी की जाएगी।

हाल ही में नौवीं कक्षा की अर्धवार्षिक परीक्षा का परिणाम आया। तलहा ने अच्छे नंबर हासिल किए तो पिता ने अपना वादा निभाने का फैसला किया। इसके बाद शम्सुद्दीन मुंबई पहुंचे और अंधेरी स्थित एक शोरूम से बेटे के लिए बीएमडब्ल्यू एम4 कॉम्पिटिशन खरीदी।

कार को विशेष कंटेनर में रखकर उनके गांव पराज पहुंचाया गया। जब इतनी महंगी चमचमाती कार गांव पहुंची तो उसे देखने के लिए आसपास के लोग भी जुट गए।

कभी मुंबई में करते थे लाइटमैन का काम

बेटे को करोड़ों की कार देने वाले शम्सुद्दीन मिद्या की सफलता की कहानी भी काफी दिलचस्प है। वह हमेशा से बड़े कारोबारी नहीं थे। साल 2003 में रोजगार की तलाश में मुंबई पहुंचे शम्सुद्दीन ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में लाइटमैन के तौर पर काम किया था। उन्होंने करीब सात साल तक फिल्मों के सेट पर काम किया।

इसके बाद साल 2010 में वह अपने गांव लौट आए और चावल का कारोबार शुरू किया। धीरे-धीरे उनकी मेहनत रंग लाई और कारोबार बढ़ता चला गया। आज पूर्व बर्धमान के गलसी इलाके में उनकी तीन चावल मिलें बताई जाती हैं। उनका कारोबार भारत तक सीमित नहीं है। वह वियतनाम, मलेशिया, सिंगापुर और दुबई जैसे बाजारों में भी चावल का निर्यात करते हैं।

15 साल का बेटा अभी नहीं चला सकेगा कार

इस पूरे मामले में सबसे खास बात यह है कि तलहा को 2.30 करोड़ रुपये की कार तो मिल गई, लेकिन वह अभी उसे सड़क पर खुद नहीं चला सकता। 18 साल से कम उम्र होने के कारण वह सामान्य मोटर कार चलाने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बनवा सकता।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, तलहा ने कहा है कि फिलहाल उसका ध्यान पढ़ाई पर रहेगा। उसने योजना बनाई है कि सप्ताह में एक दिन वह कार में बैठेगा और उसके पिता उसे घुमाने ले जाएंगे।

सोशल मीडिया पर छिड़ी चर्चा

15 साल के बच्चे को इतनी महंगी कार मिलने की खबर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। कुछ लोग पिता के वादे और बेटे की इच्छा पूरी करने की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ लोग नाबालिग को करोड़ों की कार देने को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

फिलहाल तलहा के लिए नौवीं कक्षा के अच्छे नंबर किसी यादगार उपहार में बदल गए हैं। वहीं, कभी मुंबई में लाइटमैन का काम करने वाले उसके पिता की संघर्ष से कारोबार तक पहुंचने की कहानी भी लोगों का ध्यान खींच रही है।

Share this story

Tags