‘अब्बा मुझे एक BMW चाहिए…’, 15 साल का बेटा 9वीं में लाया अच्छे नंबर, पिता ने गिफ्ट कर दी 2.30 करोड़ की लग्जरी कार
बच्चों के अच्छे नंबर आने पर माता-पिता अक्सर उन्हें मिठाई खिलाते हैं या फिर उनकी पसंद का कोई खिलौना, मोबाइल या साइकिल गिफ्ट करते हैं। लेकिन पश्चिम बंगाल में एक पिता ने अपने बेटे को ऐसा तोहफा दिया है, जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है। नौवीं कक्षा में अच्छे नंबर लाने पर 15 साल के बेटे को पिता ने करीब 2.30 करोड़ रुपये की BMW M4 Competition कार गिफ्ट कर दी। खास बात यह है कि बेटा काफी समय से अपने पिता से इस कार की मांग कर रहा था।
यह मामला पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले के गलसी इलाके के पराज गांव का है। यहां रहने वाले चावल कारोबारी शम्सुद्दीन मिद्या ने अपने बेटे मोहम्मद तलहा की इच्छा पूरी करते हुए उसे यह महंगी कार तोहफे में दी है। तलहा नौवीं कक्षा का छात्र है और उसने हाल ही में हुई अर्धवार्षिक परीक्षा में अच्छे अंक हासिल किए थे।
'अब्बा मुझे एक BMW चाहिए...'
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोहम्मद तलहा काफी समय से अपने पिता से BMW कार दिलाने की जिद कर रहा था। वह अक्सर उनसे कहता था, 'अब्बा मुझे एक BMW चाहिए।' पिता ने भी बेटे से वादा किया था कि अगर वह परीक्षा में अच्छे नंबर लेकर आएगा तो उसकी यह इच्छा पूरी करेंगे।
जब नौवीं कक्षा की अर्धवार्षिक परीक्षा का रिजल्ट आया और तलहा ने अच्छा प्रदर्शन किया, तो पिता ने अपना वादा निभाने का फैसला किया। इसके बाद शम्सुद्दीन मुंबई पहुंचे और अंधेरी के एक प्रीमियम शोरूम से BMW M4 Competition खरीदी। कार को एक विशेष कंटेनर में रखकर उनके गांव पराज पहुंचाया गया।
कभी मुंबई में करते थे लाइटमैन का काम
बेटे को करोड़ों की कार गिफ्ट करने वाले शम्सुद्दीन मिद्या की सफलता की कहानी भी काफी दिलचस्प है। वह साल 2003 में काम की तलाश में मुंबई गए थे। वहां उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में करीब सात साल तक लाइटमैन के रूप में काम किया। फिल्मों की शूटिंग के दौरान लाइटिंग से जुड़े काम करना उनकी जिम्मेदारी थी।
साल 2010 में वह अपने गांव वापस लौट आए और चावल का कारोबार शुरू किया। धीरे-धीरे उन्होंने अपने बिजनेस को आगे बढ़ाया। आज गलसी इलाके में उनकी तीन चावल मिलें हैं। उनका कारोबार अब भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि वह वियतनाम, मलेशिया, सिंगापुर और दुबई जैसे देशों में भी चावल का निर्यात करते हैं।
बेटे को मिली BMW, लेकिन खुद नहीं चला पाएगा
तलहा को भले ही 2.30 करोड़ रुपये की BMW मिल गई हो, लेकिन फिलहाल वह खुद इस कार को नहीं चला सकता। इसकी वजह उसकी उम्र है। वह अभी सिर्फ 15 साल का है और भारत में इस उम्र में सामान्य निजी कार चलाने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिल सकता।
तलहा ने बताया कि फिलहाल उसका ध्यान पढ़ाई पर रहेगा। उसने योजना बनाई है कि सप्ताह में एक दिन वह अपने पिता के साथ कार में सफर करेगा। इस दौरान पिता गाड़ी चलाएंगे और वह बगल वाली सीट पर बैठकर राइड का आनंद लेगा।
पहले से कई लग्जरी गाड़ियों के मालिक हैं पिता
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शम्सुद्दीन को महंगी गाड़ियों का शौक है। उनके पास पहले से रेंज रोवर, वोल्वो, महिंद्रा थार और हुंडई अल्काजार जैसी गाड़ियां मौजूद हैं। अब BMW M4 Competition भी उनके कार कलेक्शन में शामिल हो गई है।
बेटे को मिला यह महंगा तोहफा गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग पिता के इस प्यार की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ 15 साल के बच्चे को इतनी महंगी कार देने पर सवाल उठा रहे हैं।

