बच्चों को लेकर रेस्टोरेंट मालिक ने बनाया ऐसा नियम, सुनकर हैरान रह जाएंगे माता-पिता!
रेस्टोरेंट में परिवार के साथ खाना खाने जाना आम बात है। माता-पिता अक्सर अपने बच्चों को भी साथ लेकर जाते हैं, लेकिन कनाडा के एक रेस्टोरेंट मालिक ने ऐसा नियम बनाया है, जिसे जानकर कई अभिभावक हैरान रह जाएंगे। यहां 15 साल से कम उम्र के बच्चों को रेस्टोरेंट के अंदर बैठकर खाना खाने की अनुमति नहीं होगी। रेस्टोरेंट मालिक का कहना है कि वह अपने ग्राहकों को शांत और आरामदायक माहौल देना चाहती हैं, जहां लोग बिना किसी शोर-शराबे के अपने खाने का आनंद ले सकें।
30 नवंबर को खुलने जा रहा है रेस्टोरेंट
यह मामला कनाडा के विन्निपेग शहर का है। यहां जमैकन भोजन परोसने वाली शेफ क्रिस्टीन पैटरसन अपना नया रेस्टोरेंट 'मिस क्रिस्टीन किचन' खोलने जा रही हैं। रेस्टोरेंट के लिए उन्होंने स्पष्ट नियम बनाया है कि यहां केवल 15 साल या उससे अधिक उम्र के लोग ही बैठकर खाना खा सकेंगे।इसका मतलब है कि रेस्टोरेंट में छोटे बच्चों के लिए अलग मेन्यू, ऊंची कुर्सियां और डायपर बदलने की सुविधा भी नहीं होगी। रेस्टोरेंट 30 नवंबर 2026 को खुलने वाला है।
आखिर क्यों लिया बच्चों की एंट्री रोकने का फैसला?
क्रिस्टीन पैटरसन के मुताबिक, उन्होंने कई वर्षों तक रेस्टोरेंट का संचालन किया है। इस दौरान उन्होंने देखा कि कुछ माता-पिता अपने बच्चों के व्यवहार पर ध्यान नहीं देते। कई बार बच्चे रेस्टोरेंट में इधर-उधर दौड़ते रहते हैं, शोर मचाते हैं और दूसरे ग्राहकों को परेशानी होती है।उन्होंने बताया कि कुछ मामलों में बड़े भाई-बहनों को छोटे बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी दे दी जाती है, जबकि माता-पिता आराम से बैठे रहते हैं। ऐसे में बच्चे खाने के दौरान भी इधर-उधर भागते रहते हैं। क्रिस्टीन का कहना है कि उनके रेस्टोरेंट में जगह भी सीमित है और वह ऐसा माहौल बनाना चाहती हैं, जहां वयस्क शांति से बैठकर बातचीत और भोजन कर सकें।
अपने पोते-पोतियों पर भी लागू किया नियम
रेस्टोरेंट मालिक ने इस नियम को लेकर साफ कर दिया है कि इसमें उनके अपने परिवार के बच्चे भी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि उनके सात पोते-पोतियां हैं, लेकिन उन्हें भी रेस्टोरेंट के अंदर बैठकर खाना खाने की अनुमति नहीं होगी।उनका कहना है कि जब वह अपने परिवार के बच्चों के लिए नियम बना सकती हैं, तो दूसरे ग्राहकों से भी इसका पालन करने की उम्मीद रखती हैं। हालांकि, परिवारों के लिए रेस्टोरेंट से खाना मंगवाने का विकल्प उपलब्ध रहेगा।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
क्रिस्टीन के इस फैसले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग रेस्टोरेंट मालिक के समर्थन में हैं। उनका कहना है कि हर रेस्टोरेंट को अपने ग्राहकों और माहौल के हिसाब से नियम बनाने का अधिकार होना चाहिए। वहीं, कई लोगों का मानना है कि बच्चों को सार्वजनिक जगहों पर जाने से रोकने के बजाय उन्हें वहां व्यवहार करना सिखाया जाना चाहिए।कुछ अभिभावकों ने इस फैसले पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि रेस्टोरेंट भी परिवार के साथ समय बिताने की जगह होते हैं और बच्चों के लिए इस तरह की पाबंदी उचित नहीं है।फिलहाल क्रिस्टीन अपने फैसले पर कायम हैं। उनका कहना है कि वह ऐसा स्थान बनाना चाहती हैं, जहां लोग बिना किसी व्यवधान के भोजन का आनंद ले सकें।

