दुबई में बनेगा सोने का रास्ता, 24 कैरेट गोल्ड वॉकवे की तैयारी, जानिए क्या है पूरा प्लान
दुबई अपनी आलीशान इमारतों और अनोखे पर्यटन आकर्षणों के लिए दुनियाभर में मशहूर है। अब यह शहर एक ऐसी योजना को लेकर चर्चा में है, जिसके बारे में सुनकर हर कोई हैरान हो सकता है। दुबई में जल्द ही 24 कैरेट सोने से बना खास रास्ता तैयार किया जाएगा। यानी लोग यहां केवल सोने के गहने खरीद ही नहीं सकेंगे, बल्कि सोने से बने रास्ते पर चलने का अनुभव भी ले सकेंगे। इसे दुनिया का पहला और सबसे लंबा गोल्ड वॉकवे बताया जा रहा है।
डीरा के गोल्ड डिस्ट्रिक्ट में बनेगा रास्ता
यह खास वॉकवे दुबई के डीरा इलाके में स्थित दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट में बनाया जा रहा है। यह इलाका पहले से ही सोने और आभूणों के कारोबार के लिए प्रसिद्ध है। जनवरी 2026 में शुरू किए गए इस गोल्ड डिस्ट्रिक्ट का उद्देश्य सोने, चांदी, आभूषणों, कीमती पत्थरों और थोक कारोबार से जुड़ी गतिविधियों को एक ही स्थान पर बढ़ावा देना है।दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट के वरिष्ठ अधिकारी राशिद अल हमूदी ने इस परियोजना की जानकारी दी है। उनके मुताबिक, गोल्ड वॉकवे को 2026 के अंत से पहले आम लोगों और पर्यटकों के लिए खोलने की तैयारी है। हालांकि, उद्घाटन की निश्चित तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।
क्या पूरा रास्ता ठोस सोने से बनेगा?
इस परियोजना को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या लोग वास्तव में ठोस सोने से बने रास्ते पर चलेंगे? अधिकारियों ने इसे 24 कैरेट गोल्ड वॉकवे बताया है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि निर्माण में कितने सोने का इस्तेमाल होगा और रास्ते को तैयार करने की तकनीक क्या होगी।इसकी लंबाई, निर्माण लागत और डिजाइन से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी सार्वजनिक नहीं की गई है। इसलिए यह मान लेना सही नहीं होगा कि पूरा रास्ता ठोस सोने की मोटी परत से तैयार किया जाएगा। फिलहाल इतना स्पष्ट है कि इसे सोने की थीम पर आधारित एक खास पर्यटक आकर्षण के रूप में विकसित किया जा रहा है।
दुनियाभर के पर्यटकों को आकर्षित करने की तैयारी
इस परियोजना का उद्देश्य केवल एक अनोखा रास्ता बनाना नहीं है। दुबई प्रशासन और गोल्ड डिस्ट्रिक्ट से जुड़े अधिकारियों की योजना शहर को दुनिया के प्रमुख सोना कारोबार केंद्र के रूप में और मजबूत करने की है।गोल्ड डिस्ट्रिक्ट में पहले से ही 1,000 से अधिक खुदरा कारोबारी मौजूद हैं। यहां सोने के गहने, कीमती पत्थर, इत्र, सौंदर्य प्रसाधन और लग्जरी घड़ियों से जुड़ी दुकानें भी हैं।अधिकारियों के अनुसार, 2026 की शुरुआत से यहां नए थोक सोना कारोबार कार्यालयों की संख्या में 20 प्रतिशत और सोने, आभूषणों तथा कीमती पत्थरों से जुड़ी नई दुकानों में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
सोने की भारी बालियों ने भी बनाया विश्व रिकॉर्ड
गोल्ड वॉकवे की योजना ऐसे समय सामने आई है, जब दुबई में भारतीय पारंपरिक डिजाइन की सोने की बालियों ने भी दुनिया का ध्यान खींचा है। जॉयअलुक्कास ज्वेलरी की ओर से तैयार की गई झुमकों की एक जोड़ी ने गिनीज विश्व रिकॉर्ड में जगह बनाई है।22 कैरेट सोने से तैयार इस जोड़ी का कुल वजन 16.514 किलोग्राम बताया गया है। इसे दुनिया की सबसे भारी और सबसे बड़ी सोने की बालियों की जोड़ी के रूप में मान्यता मिली है। इन बालियों को बेचने के बजाय दुबई में स्थायी रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।
2026 के अंत तक मिल सकता है नया आकर्षण
दुबई में गोल्ड वॉकवे के शुरू होने के बाद यह पर्यटकों के लिए नया आकर्षण बन सकता है। खास बात यह होगी कि लोग सोने के कारोबार के लिए मशहूर इलाके में एक अलग तरह का अनुभव हासिल कर सकेंगे।हालांकि, इसके वास्तविक स्वरूप, लंबाई और निर्माण में इस्तेमाल होने वाले सोने की मात्रा का खुलासा होना अभी बाकी है। ऐसे में दुनिया की नजरें इस परियोजना के पूरा होने और इसके उद्घाटन पर टिकी हैं।

