Samachar Nama
×

गंदे मोजों में छिपाकर ले जा रहे थे 3000 मकड़ियां! सूटकेस खोलते ही पुलिसवालों के उड़े होश
 

गंदे मोजों में छिपाकर ले जा रहे थे 3000 मकड़ियां! सूटकेस खोलते ही पुलिसवालों के उड़े होश

दुनिया में तस्करी के कई अजीबोगरीब मामले सामने आते रहते हैं, लेकिन पेरू में वन्यजीवों की तस्करी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे। यहां एयरपोर्ट पर अधिकारियों ने तीन सूटकेस से 3,000 से ज्यादा जिंदा टैरेंटुला मकड़ियां बरामद की हैं। तस्करों ने इन मकड़ियों को गंदे मोजों के अंदर छिपा रखा था। इन सूटकेस को देखकर शुरुआत में किसी को अंदाजा भी नहीं था कि इनके अंदर इतनी बड़ी संख्या में खतरनाक दिखने वाली मकड़ियां मौजूद हैं।यह मामला पेरू की राजधानी लीमा स्थित जॉर्ज चावेज इंटरनेशनल एयरपोर्ट का है। अधिकारियों के मुताबिक, दो जर्मन नागरिक और एक पोलैंड का नागरिक इन मकड़ियों को लेकर जर्मनी जाने की तैयारी में थे। नियमित जांच के दौरान अधिकारियों को सामान के अंदर कुछ असामान्य हलचल महसूस हुई। इसके बाद जब सूटकेस की तलाशी ली गई तो अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए।

मोजों के अंदर छिपाई थीं हजारों मकड़ियां

पेरू की नेशनल फॉरेस्ट एंड वाइल्डलाइफ सर्विस (SERFOR) के अनुसार, तस्करी के लिए तीन सूटकेस का इस्तेमाल किया गया था। इनमें बड़ी संख्या में मोजे रखे हुए थे और हर मोजे के अंदर मकड़ियों को छिपाया गया था। अधिकारियों को इन मोजों में अलग-अलग आकार की मकड़ियां मिलीं।बरामद मकड़ियों में अंडे, छोटे बच्चे और पूरी तरह विकसित वयस्क टैरेंटुला शामिल थे। ये मकड़ियां पेरू के अलग-अलग क्षेत्रों से इकट्ठा की गई थीं। अधिकारियों ने बताया कि कुछ प्रजातियां अपने खास रंग और आकार के कारण विदेशी जीवों के शौकीनों के बीच काफी लोकप्रिय हैं।

एक मकड़ी की कीमत करीब 500 यूरो

इस तस्करी के पीछे मोटी कमाई का लालच होने की आशंका जताई जा रही है। वन्यजीव नियंत्रण तकनीशियन कोरा सुआरेज के मुताबिक, यूरोप में एक टैरेंटुला की कीमत करीब 500 यूरो तक हो सकती है। इस हिसाब से बरामद 3,000 से अधिक मकड़ियों की संभावित कीमत लगभग 15 लाख यूरो यानी करीब 1.5 मिलियन यूरो तक पहुंच सकती है।विदेशी मकड़ियों को कलेक्टर और कुछ लोग पालतू जीवों के तौर पर भी रखते हैं। इसी मांग के कारण इनकी अवैध तस्करी का कारोबार फल-फूल रहा है।

तीनों यात्रियों को हिरासत में लिया

मामले की जानकारी सामने आने के बाद पर्यावरण अपराधों की जांच करने वाली पुलिस ने तीनों यात्रियों को हिरासत में ले लिया। अधिकारियों के मुताबिक, उनके खिलाफ वन्यजीवों की अवैध तस्करी से जुड़े मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बरामद मकड़ियों की प्रजातियों की पहचान और जांच की जा रही है। इसके बाद उन्हें एक अधिकृत प्रजनन केंद्र में भेजे जाने की योजना है।

दुनिया में बड़ा कारोबार है वन्यजीवों की तस्करी

वन्यजीवों की अवैध तस्करी दुनिया भर में जैव विविधता के लिए गंभीर खतरा मानी जाती है। इंटरपोल के मुताबिक, इस तरह का अवैध कारोबार हर साल अरबों डॉलर का है। पेरू में सामने आया यह मामला दिखाता है कि तस्कर दुर्लभ जीवों को दूसरे देशों तक पहुंचाने के लिए किस तरह के तरीके अपना रहे हैं। फिलहाल अधिकारियों की जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Share this story

Tags