₹155 में 2 BHK! नोएडा में तो एक प्लेट मोमो भी नहीं आता, चीन में आदमी घर ले गया
भारत के बड़े शहरों में घर खरीदना किसी सपने से कम नहीं है। नोएडा, दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों में 2BHK फ्लैट खरीदने के लिए लोगों को लाखों-करोड़ों रुपये खर्च करने पड़ते हैं। लेकिन चीन में एक शख्स ने महज 11 युआन यानी करीब 155 रुपये में दो बेडरूम वाला फ्लैट अपने नाम कर लिया। इतना ही नहीं, यह फ्लैट पूरी तरह फर्निश्ड भी है। इस अनोखी डील की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग हैरानी जता रहे हैं।
डबल 11 शॉपिंग फेस्टिवल में लगी थी बोली
यह अनोखा सौदा चीन के मशहूर 'डबल 11' शॉपिंग फेस्टिवल के दौरान हुआ। इसे चीन का ब्लैक फ्राइडे भी कहा जाता है। इस मौके पर अलीबाबा ऑक्शन प्लेटफॉर्म पर एक 2BHK फ्लैट की ऑनलाइन नीलामी रखी गई थी।
नीलामी में फ्लैट की शुरुआती कीमत केवल 1 युआन रखी गई थी। बोली लगाने वाले हर बार 0.01 युआन की बढ़ोतरी कर सकते थे। हालांकि, इसकी अधिकतम बोली 11 युआन यानी करीब 155 रुपये तय की गई थी। शर्त यह थी कि जो व्यक्ति सबसे पहले अधिकतम बोली लगाएगा, फ्लैट उसी के नाम हो जाएगा।
1677 लोगों ने लगाई फ्लैट के लिए बोली
इस अनोखी नीलामी में लोगों की दिलचस्पी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुल 1,677 लोगों ने इसमें हिस्सा लिया। नीलामी के दौरान 1,001 बोलियां लगाई गईं। आखिरकार पूर्वी चीन के जियांगसू-झेजियांग क्षेत्र के एक शख्स ने सबसे पहले 11 युआन की अधिकतम बोली लगाकर फ्लैट जीत लिया।
यह फ्लैट चीन के उत्तर-पूर्वी हिस्से में स्थित हेइलोंगजियांग प्रांत में है। करीब 735 वर्गफीट का यह अपार्टमेंट एक रिहायशी इमारत की सातवीं मंजिल पर मौजूद है। इसमें दो बेडरूम हैं और यह फर्नीचर व घरेलू उपकरणों से सुसज्जित है।
155 रुपये के अलावा भी खर्च करने होंगे पैसे
हालांकि, इस डील को देखकर यह मत समझिए कि शख्स को केवल 155 रुपये में ही पूरा घर मिल गया। फ्लैट का मालिकाना हक अपने नाम करवाने के लिए उसे करीब 2,000 युआन यानी लगभग 28 हजार रुपये डीड टैक्स के रूप में भी चुकाने होंगे।
स्थानीय प्रॉपर्टी प्लेटफॉर्म के मुताबिक, इस फ्लैट की अनुमानित बाजार कीमत करीब 40,000 युआन यानी लगभग 5.6 लाख रुपये है। दरअसल, यह कोई सामान्य प्रॉपर्टी बिक्री नहीं थी, बल्कि शॉपिंग फेस्टिवल के दौरान चलाया गया प्रमोशनल ऑफर था। फ्लैट की वास्तविक कीमत और विजेता की ओर से चुकाई गई रकम के बीच का अंतर प्लेटफॉर्म की तरफ से सब्सिडी के रूप में दिया गया।
रहने नहीं, छुट्टियां बिताने के लिए खरीदा घर
इस सौदे की एक और दिलचस्प बात खरीदार का प्लान है। उसने ऑनलाइन नीलामी की लाइवस्ट्रीम के दौरान बताया कि उसे खुद उम्मीद नहीं थी कि वह फ्लैट जीत जाएगा। उसका हेइलोंगजियांग में जाकर स्थायी रूप से रहने का कोई इरादा नहीं है।
वह इस फ्लैट का इस्तेमाल सर्दियों में छुट्टियां बिताने के लिए करना चाहता है। यानी जब भी वह घूमने के लिए इस इलाके में आएगा, तो अपने इसी घर में ठहर सकेगा।
कानूनी विशेषज्ञों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
इस तरह की बेहद सस्ती प्रॉपर्टी डील को लेकर कानूनी विशेषज्ञों ने खरीदारों को सावधान रहने की सलाह दी है। उनके मुताबिक, किसी भी सस्ती प्रॉपर्टी को खरीदने से पहले उसके मालिकाना हक, दस्तावेज, बकाया टैक्स और मेंटेनेंस फीस की जांच करना जरूरी है। वरना कम कीमत में खरीदा गया घर बाद में महंगा सौदा साबित हो सकता है।

