1 लाख सैलरी फिर भी बचत सिर्फ 20 हजार! 25 साल के युवक का बजट देख इंटरनेट पर छिड़ी बहस
हर महीने 1 लाख रुपये की सैलरी सुनने में काफी अच्छी लगती है। आमतौर पर माना जाता है कि इतनी आय में एक युवा आराम से खर्च चलाने के साथ अच्छी-खासी बचत भी कर सकता है। लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल एक 25 वर्षीय युवक की कहानी ने इस सोच पर सवाल खड़े कर दिए हैं। युवक ने अपनी मासिक आय और खर्चों का पूरा हिसाब शेयर किया है। उसके मुताबिक, 1 लाख रुपये कमाने के बावजूद महीने के अंत तक उसके हाथ में सिर्फ करीब 20 हजार रुपये ही बच पाते हैं।
युवक ने Reddit के एक फोरम पर अपनी आर्थिक स्थिति के बारे में बताया। पोस्ट के अनुसार, उसकी सबसे बड़ी जिम्मेदारियों में कार की EMI और घर का किराया शामिल है। हर महीने करीब 25 हजार रुपये कार की EMI में चले जाते हैं, जबकि 25 हजार रुपये किराए में खर्च होते हैं। इसके अलावा करीब 6 हजार रुपये इंश्योरेंस प्रीमियम में देने पड़ते हैं।
यानी 1 लाख रुपये की सैलरी में से शुरुआती 56 हजार रुपये इन तीन खर्चों में ही निकल जाते हैं। इसके बाद रोजमर्रा के खर्चों की बारी आती है। युवक के मुताबिक, खाने-पीने पर करीब 10 हजार रुपये, पेट्रोल पर 5 हजार रुपये और बिजली-पानी समेत अन्य यूटिलिटी बिलों पर कम से कम 3 हजार रुपये खर्च होते हैं।
इन सभी खर्चों को जोड़ने के बाद महीने के अंत में करीब 20 हजार रुपये बचते हैं। युवक ने बताया कि छह महीने में वह लगभग 1.20 लाख रुपये बचा पाया है। कागज पर यह रकम ठीक लग सकती है, लेकिन उसकी दूसरी आर्थिक जिम्मेदारियों को देखते हुए यह बचत उसे कम महसूस होती है।
10 घंटे की नौकरी और परिवार की जिम्मेदारी
युवक ने यह भी बताया कि वह रोज करीब 10 घंटे काम करता है और कई बार वीकेंड पर भी काम करना पड़ता है। छुट्टी लेने में भी उसे परेशानी होती है। इसके साथ ही उसके पिता पर करीब 8 लाख रुपये का कर्ज है, जिसे चुकाने में वह आर्थिक मदद करना चाहता है।
यही वजह है कि उसकी पोस्ट पर सबसे ज्यादा चर्चा कार की 25 हजार रुपये वाली EMI को लेकर हुई। कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि 1 लाख रुपये की आय में 25 प्रतिशत रकम सिर्फ कार की EMI पर खर्च करना कितना सही है। लोगों का कहना है कि अगर यह खर्च कम किया जाए तो हर महीने बचने वाली रकम काफी बढ़ सकती है।
वहीं कुछ लोगों ने युवक की आलोचना करने के बजाय उसे सकारात्मक रहने की सलाह दी। उनका कहना है कि 25 साल की उम्र में 1 लाख रुपये मासिक कमाई अपने आप में अच्छी उपलब्धि है। भविष्य में सैलरी बढ़ने और बेहतर अवसर मिलने के साथ उसकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो सकती है।
इस पोस्ट ने सोशल मीडिया पर एक बड़ी बहस छेड़ दी है। लोगों के बीच चर्चा हो रही है कि ज्यादा कमाई जरूरी है या कम खर्च के साथ बेहतर वित्तीय प्रबंधन। यह मामला यह भी दिखाता है कि बड़ी सैलरी होने के बावजूद अगर EMI, किराया और अन्य तय खर्च ज्यादा हों, तो बचत करना मुश्किल हो सकता है।

