हिमाचल प्रदेश के इस अद्भुत गांव में घूम लिया, तो आपने कर लिया जन्नत का दीदार, जानें क्यों ?
हिमाचल प्रदेश का नाम सुनते ही सबसे पहले मन में वहां घूमने का ख्याल आता है। खासकर बर्फबारी के दौरान हिमाचल की कुछ जगहों की सैर करना किसी खूबसूरत स्वर्ग से कम नहीं माना जाता। माचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों में कई ऐसी शानदार और मनमोहक जगहें हैं, जहां हर महीने हजारों की संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक घूमने और मौज-मस्ती करने पहुंचते हैं।
जब हिमाचल प्रदेश में घूमने की बात आती है, तो कई लोग सबसे पहले शिमला, कुल्लू-मनाली, स्पीति घाटी, डलहौजी या धर्मशाला जैसी प्रसिद्ध जगहों का जिक्र करते हैं, लेकिन कई लोग इस राज्य में स्थित खूबसूरत गांवों का भी जिक्र करते हैं।हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों में बसे हिक्किम गांव के बारे में बहुत कम लोग जानते होंगे। इस लेख में हम आपको हिक्किम की खासियत और आस-पास स्थित कुछ अद्भुत जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं।
हिक्किम गांव की खासियत जानने से पहले आपको बता दें कि यह खूबसूरत गांव हिमाचल प्रदेश के लाहौल और स्पीति जिले में स्थित एक खूबसूरत और अद्भुत गांव है। इस गांव को हिमाचल प्रदेश का छुपा हुआ खूबसूरत खजाना माना जाता है।
आपकी जानकारी के लिए हम यह भी बता दें कि हिक्किम गांव हिमाचल की राजधानी शिमला से लगभग 420 किलोमीटर, मनाली से लगभग 195 किलोमीटर और काजा शहर से लगभग 46 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। हिक्किम गांव हिमाचल प्रदेश के उन स्थानों में से एक है जहां जाना लगभग हर किसी के लिए एक सपना हो सकता है। बर्फ से ढके ऊंचे पहाड़ और झीलें और झरने इस गांव की खूबसूरती में चार चांद लगाते हैं।
हिक्किम गांव समुद्र तल से 14 हजार फीट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित है। इस गांव में दुनिया का सबसे ऊंचा डाकघर है, जो पर्यटकों को सबसे ज्यादा आकर्षित करता है। यहां का दिव्य दृश्य कुछ ही मिनटों में किसी का भी मन मोह सकता है। चांदनी रात में हिक्किम गांव का दृश्य अद्भुत होता है।हिक्किम गांव पर्यटकों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है। यह गांव उन पर्यटकों के बीच बहुत लोकप्रिय है जो जीवन की भागदौड़ से दूर हिमालय में शांति के पल बिताना चाहते हैं। यहां का शांत और शुद्ध वातावरण भी पर्यटकों को काफी आकर्षित करता है।