पहाड़ों में हुई बर्फ़बारी से दिल्ली से लेकर यूपी-बिहार तक ठंड का प्रकोप! इन राज्यों में बारिश का अलर्ट, पढ़े ताजा मौसम अपडेट
दिल्ली-NCR समेत कई मैदानी इलाकों में चल रही ठंडी हवाओं ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया है। सुबह और शाम की कड़ाके की ठंड ने लोगों को अलाव जलाने पर मजबूर कर दिया है। इस बीच, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी ने ठंड और बढ़ा दी है। आइए जानते हैं कि आज देश भर में मौसम कैसा रहेगा।
दिल्ली में बढ़ी ठंड
हालांकि दिल्ली-NCR में अभी घना कोहरा नहीं है, लेकिन सुबह और शाम को चलने वाली ठंडी हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस हफ्ते मौसम में कोई बदलाव नहीं होगा। 14 दिसंबर तक मौसम ऐसा ही रहने की उम्मीद है। आज राजधानी में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
आज UP और बिहार में मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश और बिहार में शीतलहर शुरू हो गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सुबह घना कोहरा भी छाया हुआ है। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी भी काफी कम हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक UP के कई शहरों में शीतलहर का असर और तेज हो सकता है। इसके बाद अगले हफ्ते से तापमान तेजी से गिरेगा। इस बीच, बिहार में भी ठंड का असर दिखने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार में आज से मौसम बदलने वाला है। IMD के मुताबिक, बिहार के पटना, पूर्णिया और किशनगंज के साथ-साथ झारखंड के रांची और जमशेदपुर में आज भीषण शीतलहर चलने की उम्मीद है।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
उत्तर भारत में शीतलहर की चेतावनी के साथ-साथ मौसम विभाग ने कुछ राज्यों के लिए भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मछुआरों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पहाड़ों के लिए येलो अलर्ट जारी
मैदानी इलाकों की तरह पहाड़ों में भी मौसम काफी ठंडा हो गया है। आज हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर और मंडी में घने कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। आज उत्तराखंड के लिए बर्फीली हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा, कुछ पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी भी संभव है।

