
बरेली के फरीदपुर में भाजपा युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष प्रदीप यादव, अरविंद यादव समेत चार लोगों के खिलाफ महिला को घर में बंधक बनाकर रखने, दुष्कर्म का प्रयास करने समेत कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला की शादी फरीदपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई है। आरोप है कि उसका पति सड़क दुर्घटना का बहाना बनाकर उसे मारना चाहता था। उसके और पति के बीच कोर्ट में केस चल रहा है। एक जून की दोपहर महिला अपनी स्कूटी की मरम्मत कराकर शाम छह बजे लौट रही थी। तभी उसका पति, भाजपा युवा मोर्चा नेता उसके साथ और दो अज्ञात लोग भुता रोड पर कार में आए और उसे कार में डालकर फरीदपुर नगर स्थित एक मकान में ले गए और मकान में ताला लगा दिया। यहां भाजपा युवा मोर्चा नेता ने तमंचा दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर गृहस्वामी वहां पहुंच गया, उसे देखकर आरोपी भाग गए। जान से मारने और शव गायब करने की दी धमकी
महिला ने बताया कि आरोपी ने उसे धमकी दी थी कि वह उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद उसे जान से मार देगा और शव गायब कर देगा। महिला ने आरोपी के खिलाफ एसएसपी से शिकायत की थी। इसी बीच आरोपी नेता का उसके साथ गाली-गलौज करते हुए ऑडियो क्लिप वायरल हो गया। महिला की शिकायत के आधार पर फरीदपुर पुलिस ने गुरुवार को दो नामजद और दो अज्ञात कार चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।