नवंबर में होगी सामान्य से ज्यादा बारिश… दिल्ली में छाएगा कोहरा, इस साल पड़ेगी कड़ाके की ठंड
इस साल देश में कड़ाके की सर्दी पड़ने की संभावना है। ला नीना में देरी को इसका कारण बताया जा रहा है। नतीजतन, नवंबर के दौरान देश के कई हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से कम और रात का तापमान सामान्य से अधिक रहेगा, जिससे ठंड में बढ़ोतरी होगी। नवंबर की शुरुआत कोहरे के साथ हो रही है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक दिल्ली में कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
ठंड के साथ-साथ दिल्ली में प्रदूषण भी बढ़ रहा है। आज दिल्ली का AQI 221 रहा, जो लगातार खराब श्रेणी में बना हुआ है। वजीरपुर का AQI सबसे अधिक 323 रहा। आनंद विहार का AQI 285, अशोक विहार का AQI 282, पंजाबी बाग का AQI 256 और पटपड़गंज का AQI 261 रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इनमें आजमगढ़, अयोध्या, बलिया, चंदौली, जौनपुर और झांसी शामिल हैं। कई जिलों में बादल छाए रहने की संभावना है।
इन राज्यों में बारिश
इसके अलावा, 1 नवंबर को दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और उत्तरी गंगीय पश्चिम बंगाल में गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। अगले पाँच दिनों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गरज के साथ छींटे पड़ने और तेज़ हवाएँ चलने की संभावना है। 1 नवंबर को उत्तरी कोंकण और गोवा तथा उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में भारी बारिश होने की संभावना है।
1 और 2 नवंबर को गुजरात में हल्की बारिश के साथ छिटपुट बौछारें पड़ने की संभावना है। अगले तीन दिनों के दौरान गुजरात में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। 1 नवंबर को अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और नागालैंड में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। अगले दो दिनों में इस क्षेत्र में गरज के साथ छींटे पड़ने और हल्की बारिश होने की संभावना है।
नवंबर में सामान्य से अधिक बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने नवंबर में सामान्य से अधिक बारिश का अनुमान लगाया है। देश के अधिकांश हिस्सों में नवंबर में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। हालांकि, उत्तर-पश्चिम भारत और दक्षिणी प्रायद्वीप के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। अक्टूबर में भी सामान्य से अधिक बारिश हुई। देश में अक्टूबर में 112.1 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 49 प्रतिशत अधिक है।

