Nupur Sharma की दिल्ली BJP में फिर से एंट्री, बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने की अटकलें
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 का बिगुल बज चुका है। राज्य में मतदान 5 फरवरी को होगा, जबकि नतीजे 8 फरवरी को घोषित किये जायेंगे। पिछली बार की तरह इस बार भी चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है। इस बीच, ऐसी खबरें हैं कि भाजपा विवादित बयान देने वाली पूर्व पार्टी प्रवक्ता नूपुर शर्मा को टिकट दे सकती है। हालाँकि, इस संबंध में अंतिम निर्णय केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा लिया जाएगा। दो साल पहले उनके विवादास्पद बयानों के कारण पार्टी ने उन्हें निष्कासित कर दिया था।
इस बीच सोशल मीडिया पर उनके नाम को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। कई लोगों ने यह भी मांग की है कि उन्हें मुख्यमंत्री का चेहरा बनाया जाए। यूजर्स का कहना है कि नूपुर शर्मा को कालकाजी सीट से टिकट दिया जाना चाहिए। आपको बता दें कि पार्टी ने कालकाजी सीट से पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी को मैदान में उतारा है। प्रियंका गांधी और सीएम आतिशी पर विवादित बयान के बाद कालकाजी से पार्टी का उम्मीदवार बदलने की भी चर्चा है।
जानिए विवादित बयान
आपको बता दें कि नूपुर शर्मा ने 2022 में एक टीवी डिबेट के दौरान पैगंबर पर विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद विपक्ष ही नहीं बल्कि विदेशों से भी नूपुर शर्मा के खिलाफ आवाज उठने लगी थी। भाजपा ने एक बयान जारी कर कहा कि पार्टी किसी भी ऐसी विचारधारा के खिलाफ है जो किसी भी धर्म या संप्रदाय का अपमान करती हो। इसके बाद उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। पार्टी से निलंबित होने के बाद नूपुर ने घोषणा की कि वह अपना बयान वापस ले रही हैं।
उल्लेखनीय है कि अपने विवादित बयान के बाद नूपुर शर्मा मुस्लिम कट्टरपंथियों के निशाने पर आ गई थीं। उन्हें मौत की धमकियां मिलने लगीं। इसके बाद उन्हें कड़ी सुरक्षा मुहैया कराई गई।