‘शीशमहल’ में नहीं रहेगा BJP का CM, इसे दर्शन के लिए खोलेंगे, द्वारका रैली में बोले अमित शाह

दिल्ली विधानसभा चुनाव के आखिरी दिन भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। पार्टी के बड़े नेता प्रचार करने निकले। इसी सिलसिले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने द्वारका विधानसभा क्षेत्र में चुनावी रैली की। इस दौरान उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक तरफ झूठों के नेता केजरीवाल और उनकी 'आपदा' है, जबकि दूसरी तरफ देश को विकास के पथ पर ले जाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। आपको इन दोनों में से एक का निर्णय करना होगा।
अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी ने देश की जनता से किए सभी वादे पूरे किए। उन्होंने देश को आतंकवाद से मुक्त कराने के लिए काम किया है। शाह ने कहा कि भाजपा के लोग जो कहते हैं, वही करते हैं। लेकिन अरविंद केजरीवाल कभी भी वह नहीं करते जो वे कहते हैं, वे केवल झूठे वादे करते हैं। उन्होंने जनता से किया एक भी वादा पूरा नहीं किया। उसने जनता से झूठ बोला है।
‘हम शीश महल को दर्शन के लिए जरूर खोलेंगे’
अमित शाह ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर केजरीवाल पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि शीश महल बनाने के अलावा केजरीवाल ने सिर्फ करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार किया है। उन्होंने कहा, ‘‘क्या 1,000 करोड़ रुपये का घोटाला करना छोटी बात है?’’ शाह ने पूछा कि क्या किसी का बंगला 50 हजार करोड़ रुपये का है? मंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी के मुख्यमंत्री उस बंगले (शीश महल) में नहीं रहेंगे, उन्हें इसकी आदत नहीं पड़ेगी, लेकिन वे शीश महल को लोगों के दर्शन के लिए जरूर खोल देंगे।
'हम दिल्ली को दुनिया की सर्वश्रेष्ठ राजधानी बनाएंगे'
अमित शाह ने अपने संबोधन में आगे कहा कि शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया शराब घोटाले में जेल गए। केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को धोखा दिया है। शाह ने लोगों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम पर भाजपा को वोट देने की अपील की। हम यमुनाजी का पानी साफ करेंगे और एक जल संयंत्र भी बनाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा की सरकार बनी तो वह अगले पांच साल में दिल्ली को दुनिया की सबसे अच्छी राजधानी बनाएगी।