सिविल सर्विस प्रारंभिक परीक्षा : अभ्यर्थियों ने बताया, 'कुछ सवाल काफी लंबे थे'
नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सर्विस प्रारंभिक परीक्षा देशभर के केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच हुई। पहली पाली के बाद परीक्षा हॉल से बाहर आते ही उम्मीदवारों के चेहरों पर मिले-जुले भाव देखने को मिले।
इस बार सामान्य अध्ययन का पेपर मॉडरेट से कठिन यानी मध्यम से चुनौतीपूर्ण स्तर का रहा है। परीक्षा देकर लौटे अभ्यर्थियों के मुताबिक, प्रश्न पत्र में जहां कुछ सवाल काफी लंबे, घुमावदार और वैचारिक थे। वहीं कुछ प्रश्नों को आसानी से भी हल किया जा सका। परीक्षा का कठिनाई स्तर सीधे तौर पर मेरिट को प्रभावित करता है, इसलिए इस मध्यम से कठिन स्तर के बाद उम्मीदवार थोड़ी कम कट-ऑफ की उम्मीद कर रहे हैं।
राजस्थान अजमेर में परीक्षा देने के बाद अभ्यर्थी शुभम ने कहा, "पहला पेपर जनरल स्टडीज का था, जो बहुत कठिन था। पेपर में सेंट्रल बैंकिंग, अंतरराष्ट्रीय मुद्दे और विदेश नीति से जुड़े प्रश्न थे।"
वंश कुमावत ने कहा, "इस बार साइंस-टेक, करंट अफेयर्स और पर्यावरण से जुड़े अधिक सवाल पूछे गए। इतिहास के ऐसे प्रश्न थे, जिसे बिना पढ़े जवाब नहीं दिया जा सकता था। पिछली बार से इस बार पेपर अच्छा था।"
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में परीक्षा देने के बाद युवती ने कहा, "पेपर अच्छा गया है। जिस तरह तैयारी की थी, उसी अनुसार पेपर आया था।"
मध्य प्रदेश के इंदौर में परीक्षा देने वाले विशाल ने कहा कि इस बार पेपर थोड़ा कठिन था। इस बार राजनीति से कम सवाल पूछे गए थे।
पंजाब के लुधियाना में परीक्षा देने वाले युवक ने कहा कि इस बार बेसिक प्रश्न कम पूछे गए थे। प्रियंका ने कहा कि मैंने पहली बार परीक्षा दी है। पेपर अच्छा गया और प्रश्न ठीक थे।
सीएसएटी के दूसरे पेपर की शुरुआत दोपहर ठीक 2:30 बजे हुई। पहले पेपर की तरह ही यह परीक्षा भी ठीक दो घंटे की अवधि की होगी और शाम 4:30 बजे खत्म होगी। इस पेपर में छात्रों की तार्किक क्षमता और गणितीय समझ की कड़ी परीक्षा ली जाती है।
--आईएएनएस
ओपी/एबीएम

